विज्ञापन

यूपी में सवा करोड़ वोट कटने से टेंशन में बीजेपी, अब एक महीने का अभियान; हर वोटर के घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

उत्तर प्रदेश में SIR को लेकर बीजेपी की बड़ी बैठक. सीएम योगी, पंकज चौधरी और धर्मपाल की मौजूदगी में 1.27 करोड़ छूटे वोटरों के नाम जुड़वाने की रणनीति बनेगी. कार्यकर्ता घर-घर जाकर करेंगे जागरूक.

यूपी में SIR पर BJP की बड़ी बैठक, 1.27 करोड़ वोटरों के नाम जुड़वाने के लिए बनेगी रणनीति
NDTV
  • यूपी में SIR पर BJP की बड़ी बैठक, 1.27 करोड़ वोटरों के नाम जुड़वाने के लिए बनेगी रणनीति
  • BJP का मेगा प्लान, 1.27 करोड़ वोटरों के नाम जुड़वाने के लिए घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता
  • सीएम योगी-पंकज चौधरी की मौजूदगी में बीजेपी ने बुलाई बड़ी बैठक
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बीजेपी ने संगठन स्तर पर तैयारी तेज कर दी है. लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी की बड़ी बैठक हो रही है. इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी शामिल होंगे. बैठक में अगले एक महीने तक अभियान चलाकर मतदाता सूची से छूटे नाम जुड़वाने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की रणनीति तैयार की जाएगी.

1.27 करोड़ वोटरों के नाम जुड़वाने पर फोकस

बीजेपी की इस बैठक का मुख्य उद्देश्य SIR के दौरान मतदाता सूची से छूटे लोगों के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए संगठन को सक्रिय करना है. पार्टी स्तर पर करीब 1 करोड़ 27 लाख मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी. खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया था कि उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हट गए हैं, जबकि मुस्लिम मतदाताओं की संख्या बढ़ी है. उन्होंने कहा था कि इससे नगरीय निकायों की 28 सीटों पर पार्टी की स्थिति कमजोर हो रही है. योगी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 16 करोड़ से ज्यादा मतदाता होने चाहिए, जबकि मौजूदा संख्या करीब 13 करोड़ है.

पंकज चौधरी बोले- हर छूटे नाम को जुड़वाना लक्ष्य

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बैठक को लेकर कहा 'चुनाव आयोग जिस प्रकार से SSR का कार्यक्रम चला रहा है उसकी तैयारी को लेकर बैठक है. जिसका भी नाम छूटा है या किसी वजह से कट गया है तो उसे जुड़वाने में सब लोग लगें.'

उन्होंने आगे कहा, 'यह पहली बार नहीं है जब SIR की प्रक्रिया हो रही है. यह एक सतत और निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है. यह इस तरह की नौवीं प्रक्रिया है और इसके लिए एक महीने का समय उपलब्ध है. जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गए हैं, वे अपने नाम जुड़वा सकते हैं.

हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिन लोगों के नाम छूट गए हैं, वे सभी मतदाता सूची में शामिल हों. यह संगठन का काम नहीं है, बल्कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है और चुनाव आयोग अपना काम कर रहा है. हालांकि, भारतीय जनता पार्टी के सदस्य होने के नाते और सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन में सक्रिय व्यक्ति होने के नाते हमारे सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का यह कर्तव्य है कि भारत का कोई भी नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने से वंचित न रहे. इसी वजह से भारतीय जनता पार्टी एक महीने का अभियान शुरू कर रही है.'

हर मतदाता के घर पहुंचेंगे बीजेपी कार्यकर्ता

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा 'आज उत्तर प्रदेश बीजेपी की एक बड़ी बैठक हो रही है, जिसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चर्चा की जा रही है. इसमें सभी जिलाध्यक्ष शामिल होंगे. हमारी पार्टी के कार्यकर्ता हर मतदाता के घर जाएंगे और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया में भारत निर्वाचन आयोग की मदद करेंगे. साथ ही लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में सहायता करेंगे.' उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष बैठक में शामिल होंगे और कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता पंजीकरण में लोगों की मदद करेंगे.

वहीं बीजेपी सांसद राम प्रताप सिंह ने कहा, 'इसमें क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्र प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और इस काम के लिए जो लोग विधानसभा के प्रभारी हैं उनको बुलाया है. जो भी निर्देश होगा उसका पालन हम कार्यकर्ता करेंगे. हमें छूटे हुए लोगों को जागरूक करना है, उनका वोट बनवाना है, ये काम है.'

यह भी पढ़ें : SIR पर सवाल, अब हिंदू वोट कटने पर बवाल... यूपी में BJP के निशाने पर मुस्लिम BLO!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Voter List, UP SIR, BJP, Yogi Adityanath, Pankaj Chaudhary
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com