उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पारिवारिक विवाद ने ऐसा खतरनाक मोड़ लिया कि एक युवक ने खुद को ही गोली मार ली. मामला खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव धरारी का है, जहां मिथुन सोलंकी नाम के युवक ने अपने ही भाई को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रच डाली.
बताया जा रहा है कि भाईयों के बीच लंबे समय से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते मिथुन ने एक खौफनाक कदम उठाया. अब इसका वीडियो वायरल हो रहा है.
युवक ने पैर में मारी गोली
वायरल वीडियो के अनुसार, युवक पहले परिवार के लोगों को धमकाते दिख रहा है और फिर तमंचा निकालकर अपनी ही पैर में गोली मार लेता है. यह पूरा घटना किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगता, लेकिन हकीकत में यह बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
युवक अस्पताल में भर्ती
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का कदम न सिर्फ कानून के साथ खिलवाड़ है बल्कि परिवार और समाज के लिए भी खतरा पैदा करता है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
भाई को फंसाने के लिए खुद मारी गोली
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि युवक ने अपने भाई को फंसाने के लिए खुद को गोली मारी. हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. अगर यह आरोप सही साबित होते हैं, तो युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है. फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक पारिवारिक विवाद इतना खतरनाक कैसे हो गया कि एक युवक ने अपनी जान जोखिम में डाल दी.
जांच में जुटी पुलिस
खुर्जा सीओ शोभित कुमार अत्रि ने बताया कि खुर्जा के धरारी गांव मे एक व्यक्ति के गोली लगने की सूचना मिली थी. तत्काल खुर्जा देहात पुलिस मौके पर पहुंची...जांच में आया कि संजय और मिथुन दो सगे भाई है, जिनके बीच पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर आपसी विवाद है. आपस मे कहासुनी के बाद मिथुन ने खुद को एक असले से गोली मार ली. वहां मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया. जो पुलिस को प्राप्त हो चुकी है. किसी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है... जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
(बुलंदशहर से जीशान अली की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: बदायूं में 200 रुपये के लिए दोस्त बना कातिल, भाइयों संग ली युवक की जान, लोहे की चेन और ताले से किया था हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं