विज्ञापन

बदायूं में 200 रुपये के लिए दोस्त बना कातिल, भाइयों संग ली युवक की जान, लोहे की चेन और ताले से किया था हमला

Badaun Murder Case: 5 साल पहले शाहिद ने नईम से 500 रुपये उधार लिए थे. हालांकि बाद में उसने 300 रुपये वापस कर दिए थे, जबकि 200 रुपये बकाया था. इसी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते यह विवाद हत्या में बदल गया.

बदायूं में 200 रुपये के लिए दोस्त बना कातिल, भाइयों संग ली युवक की जान, लोहे की चेन और ताले से किया था हमला

Badaun Murder Case: महज 200 रुपये की खातिर दोस्ती का रिश्ता खून से रंग दिया गया. यूपी के बदायूं जिले में एक युवक ने अपने ही दोस्त की अपने भाइयों के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी. आरोप है कि लोहे की चेन और ताले से पीट-पीटकर युवक को मौत के घाट उतार दिया गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है. वहीं युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

200 रुपये की उधारी को लेकर हुई थी कहासुनी

मामला सदर कोतवाली के मोहल्ला कबूलपुरा रोड, आजाद की गली के पास का है. सदर कोतवाली के ही मोहल्ला चौधरी सराय लड्डन की टाल निवासी शाहिद (28 वर्ष) की उसके दोस्त नईम ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर हत्या कर दी. नईम मूल रूप से कादरचौक थाना क्षेत्र के रमजानपुर का रहने वाला है और वर्तमान में चौधरी सराय में रह रहा था. आरोप है कि 200 रुपये की उधारी को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद तीनों ने लोहे की चेन और उसमें लगे ताले से शाहिद पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने नईम और वासिफ को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फजल मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शाहिद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच पड़ताल शुरू कर दी है.

आरपी से थी पुरानी दोस्ती

पूछताछ में नईम ने बताया कि उसकी शाहिद से पुरानी दोस्ती थी और दोनों करीब पांच साल पहले पेंटिंग का काम करते थे. उसी दौरान शाहिद ने उससे 500 रुपये उधार लिए थे, जिनमें से 300 रुपये लौटा दिए थे, लेकिन 200 रुपये बाकी रह गए थे. इसी रकम को लेकर विवाद बढ़ गया और उसने अपने सगे भाई फजल व रिश्तेदार वासिफ को बुलाकर लोहे की चेन व ताले से वार कर शाहिद की हत्या कर दी.

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि शाहिद दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसका छोटा भाई शादाब मुंबई में रहकर काम करता है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. 

शाहिद ने 500 रुपये लिए थे उधार

सिटी एसपी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है. पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मौके से नईम व वासिफ को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान शाहिद के रूप में हुई है. नईम व शाहिद में दोस्ती थी और दोनों एक साथ पेंटिंग का काम करते थे. उन्होंने बताया कि करीब 5 साल पहले नईम से शाहिद ने 500 रुपये उधार लिए थे. शाहिद ने 300 रुपये वापस भी कर दिए थे, लेकिन 200 रुपये बकाया रह गए थे. आज नईम और शाहिद की मुलाकात हुई. 200 रुपये को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि नईम ने अपने सगे भाई फजल और परिवार के भाई वासिफ को मौके पर बुला लिया. इसके बाद लोहे की चेन व ताले से हमला कर शाहिद की हत्या कर दी गई. शाहिद के परिवार वालों से संपर्क किया जा रहा है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: माफिया की गोली खाकर भी नहीं टूटे थे IAS रिंकू सिंह, अब जालौन में म‍िली पोस्टिंग, बनाए गए संयुक्त मजिस्ट्रेट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com