- खजुराहो से दिल्ली तक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का ऐलान.
- दिल्ली, यूपी, एमपी के 13 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन.
- 21 अक्टूबर से ट्रेन का संचालन हो रहा है शुरू.
दिवाली-छठ पर दिल्ली से खजुराहो जाने वाले यात्रियों के लिए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से खजुराहो के बीच सप्ताह में तीन दिन फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. ट्रेन संख्या 01913/01914 खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो फेस्टिवल स्पेशल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 अक्टूबर से 19 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी. रेलवे के मुताबिक, इस विशेष ट्रेन के चलने से यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी.
ट्रेन संख्या 01913/01914 खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन का शेड्यूल
रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, ट्रेन नंबर 01913 खजुराहो से हजरत निजामुद्दीन के लिए 21 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा. इस दिशा में कुल 13 फेरे निर्धारित किए गए हैं. वहीं, हजरत निजामुद्दीन से खजुराहो के लिए ट्रेन नंबर 01914 का संचालन 22 अक्टूबर से 19 नवंबर 2026 तक होगा. इस दिशा में भी कुल 13 फेरे निर्धारित किए गए हैं.
यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी. खजुराहो से यह ट्रेन सोमवार, बुधवार और शनिवार को रवाना होगी. वापसी में हजरत निजामुद्दीन से यह ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी.
01913/01914 खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन ट्रेन का स्टॉपेज
ट्रेन संख्या 01913 खजुराहो से रात 10:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 01914 हजरत निजामुद्दीन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 3:30 बजे खजुराहो पहुंचेगी. इस बीच 13 प्रमुख स्टेशनों पर यह ट्रेन रुकेगी.
खजुराहो- सोमवार, बुधवार और शनिवार कोरात 10:15 बजे रवाना होगी. इसके बाद दरीयागंज, महाराजा छत्रसाल स्टेशन, छतरपुर, टीकमगढ़, डैलवारा, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, दतिया, डबरा, ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, कोसी कलां स्टेशन पर रुकते हुए, हजरत निजामुद्दीन अगले दिन सुबह 11 बजे पहंचेगी. वापसी की दिशा में ट्रेन इन्हीं प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित समय के अनुसार रुकेगी. हजरत निजामुद्दीन से रवाना होने के बाद ट्रेन मथुरा, आगरा कैंट, धौलपुर, मुरैना, ग्वालियर, झांसी और टीकमगढ़ होते हुए खजुराहो पहुंचेगी.
त्योहारों के दौरान दिल्ली और बुंदेलखंड क्षेत्र के बीच यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है. ऐसे में विशेष ट्रेन के संचालन से नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव कम करने और यात्रियों को यात्रा की सुविधा देने में मदद मिलने की उम्मीद है.
रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य परिचालन संबंधी अपडेट के लिए नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) की वेबसाइट या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से जानकारी लेने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें | दशहरा, दीपावली और छठ पर मुंबई से अयोध्या के लिए चलेगी 24 स्पेशल ट्रेनें! फटाफट बुक करें कंफर्म टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं