Kanwar Yatra 2026: सावन की शुरुआत के साथ ही देशभर में कांवड़ यात्रा भी शुरू हो गई है. हर साल लाखों शिवभक्त गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार, गंगोत्री, गौमुख और दूसरे पवित्र घाटों तक पैदल यात्रा करते हैं. अगर आप भी इस बार कांवड़ यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले कुछ जरूरी चीजें जरूर चेक कर लें. कांवड़ यात्रा के लिए बैग पैक कर रहे हैं तो इन 10 चीजों के बिना घर से बाहर न निकलें. इससे आपका सफर पूरी तरह सेफ और आरामदायक रहेगा.
1. पहचान पत्र साथ रखना न भूलें
आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या कोई भी सरकारी पहचान पत्र अपने पास रखें. इसकी एक फोटोकॉपी भी बैग में रखें ताकि जरूरत पड़ने पर परेशानी न हो.
2. दवाएं और फर्स्ट एड किट रखें
अगर आप किसी बीमारी की दवा लेते हैं तो पूरी यात्रा के लिए पर्याप्त दवा साथ रखें. बैंडेज, एंटीसेप्टिक क्रीम, कॉटन, ORS और ब्लिस्टर पैच जैसी चीजें भी बैग में जरूर रखें.
3. वॉटरप्रूफ बैग और रेनकोट रखें
सावन में बारिश कभी भी हो सकती है. इसलिए वॉटरप्रूफ बैग, रेनकोट या पॉन्चो रखें, ताकि कपड़े, दवाएं और जरूरी सामान सुरक्षित रहें.
4. मोबाइल को सेफ रखें
मोबाइल को वॉटरप्रूफ पाउच में रखें. साथ में पूरी तरह चार्ज पावर बैंक, चार्जिंग केबल और जरूरत हो तो ऑफलाइन मैप भी डाउनलोड करके रखें.
5. पानी और लाइट स्नैक्स साथ रखें
रास्ते में भंडारे मिलते तो हैं, लेकिन पूरी तरह उन पर निर्भर न रहें. पानी की बोतल, भुना चना, मखाना, ड्राई फ्रूट्स या एनर्जी बार जैसे हल्के स्नैक्स साथ रखें.
6. एक्सट्रा कपड़े और मोजे रखें
बारिश में कपड़े और मोजे भीग सकते हैं. एक जोड़ी एक्स्ट्रा कपड़े, दो-तीन जोड़ी सूती मोजे और जरूरत हो तो एक्स्ट्रा चप्पल भी साथ रखें.
7. इमरजेंसी कॉन्टैक्ट डिटेल्स लिखकर रखें
एक छोटी पर्ची पर या डायरी में अपना नाम, पता, ब्लड ग्रुप, किसी बीमारी की जानकारी और परिवार के दो लोगों के मोबाइल नंबर लिखकर रखें. मोबाइल बंद होने पर भी यह जानकारी काम आएगी.
8. टॉर्च और रिफ्लेक्टिव टेप रखें
अगर रात में यात्रा करनी पड़े तो छोटी टॉर्च और रिफ्लेक्टिव टेप आपकी सेफ्टी बढ़ाते हैं. इससे दूसरी गाड़ी आपको आसानी से देख सकते हैं.
9. कांवड़ स्टैंड और एक्स्ट्रा डोरी रखें
यात्रा के दौरान कांवड़ को सुरक्षित रखने के लिए स्टैंड और एक्स्ट्रा डोरी साथ रखें. इससे जरूरत पड़ने पर कांवड़ को सुरक्षित तरीके से बांधकर रखा जा सकता है.
10. यात्रा का रूट पहले से जान लें
घर से निकलने से पहले यात्रा का रूट, मेडिकल कैंप, विश्राम स्थल और भंडारों की जानकारी जुटा लें. पुलिस और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें.
बता दें कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था की नहीं बल्कि अनुशासन और जिम्मेदारी की भी यात्रा है. सही तैयारी, हल्का बैग और जरूरी सामान के साथ आप अपनी यात्रा को ज्यादा सुरक्षित, आसान और सुखद बना सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं