- PDA ने तीन नई आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की योजना बनाई है जिससे आवासीय जरूरतों को पूरा किया जाएगा.
- मलाका, झूंसी और इरादतगंज में बड़ी भूमि पर टाउनशिप बसाई जाएगी, जिसमें प्लॉट और फ्लैट खरीदने के विकल्प होंगे.
- PDA ने भूमि चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगामी पांच वर्षों में परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा है.
PDA Housing Scheme : संगम नगरी में अपना आशियाना बनाने की चाहत रखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. अब न सिर्फ स्थानीय निवासी, बल्कि दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश और गोरखपुर जैसे अन्य शहरों व राज्यों के लोग भी यहां आसानी से जमीन या फ्लैट खरीद सकेंगे. शहर के तेजी से हो रहे विस्तार और बढ़ती आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने तीन नई आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की रूपरेखा तैयार कर ली है.
प्राधिकरण ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए गंगापार और यमुनापार इलाकों में भूमि चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इन नई योजनाओं के मूर्त रूप लेने से शहर के बाहरी हिस्सों में भी सुनियोजित विकास को नई रफ्तार मिलेगी. पीडीए का लक्ष्य आगामी पांच वर्षों के भीतर इन तीनों आवासीय परियोजनाओं को पूरी तरह विकसित कर जनता को सौंपना है.
मलाका, झूंसी और इरादतगंज में बसाई जाएंगी नई कॉलोनियां
योजना के ब्लूप्रिंट के मुताबिक, गंगापार के मलाका और झूंसी क्षेत्र में लगभग 800 से 900 हेक्टेयर भूमि पर विशाल टाउनशिप बसाई जाएगी. इसके अतिरिक्त, यमुनापार के इरादतगंज इलाके में करीब 500 हेक्टेयर जमीन पर एक और आवासीय टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव है. इन तीनों ही प्रोजेक्ट्स में खरीदारों के पास अपनी जरूरत के अनुसार आवासीय प्लॉट और बनेबनाए फ्लैट खरीदने का विकल्प मौजूद रहेगा.
एयरो सिटी के बाद तेज हुई नई योजनाओं की कवायद
गौरतलब है कि पीडीए वर्तमान में एयरो सिटी प्रोजेक्ट को विकसित करने पर तेजी से काम कर रहा है. इस परियोजना के साथ ही अब शहर की अलग-अलग दिशाओं में नई आवासीय कॉलोनियां बसाने की प्रक्रिया ने जोर पकड़ लिया है, जिससे रियल एस्टेट सेक्टर में भी नई उम्मीदें जगी हैं.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में नई आवासीय योजना, तीन टॉवरों में होंगे 2-3BHK फ्लैट, GDA खर्च करेगा 170 करोड़
जल्द शुरू होगा सर्वे, सेना से ली जाएगी भूमि
इस पूरे प्रोजेक्ट पर जानकारी देते हुए पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने स्पष्ट किया कि एयरो सिटी के बाद तीन अलग-अलग लोकेशन पर नई टाउनशिप बसाने का खाका तैयार है. उन्होंने बताया कि मलाका और इरादतगंज क्षेत्र में जमीन को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण शुरू कराया जाएगा. इरादतगंज में प्रस्तावित टाउनशिप के निर्माण के लिए सेना से जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं