विज्ञापन

अब आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर दमघोंटू भीड़ का नहीं करना पड़ेगा सामना, रेलवे की नई व्यवस्था से बदल जाएगी तस्वीर 

दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर भीड़ को कंट्रोल करने के लिए रेलवे ने नई योजना तैयार की है. इससे पहले बीते वर्ष नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी इसी तरह की व्यवस्था की गई थी. जानिए पूरी नई ट्रैफिक और पैसेंजर मैनेजमेंट व्यवस्था.

अब आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर दमघोंटू भीड़ का नहीं करना पड़ेगा सामना, रेलवे की नई व्यवस्था से बदल जाएगी तस्वीर 
दीपावली और छठ से पहले आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर लागू होगी नई व्यवस्था.
NDTV
  • आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर दिवाली और छठ के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष योजना लागू की जाएगी.
  • जनरल टिकटधारक यात्रियों के लिए अलग एंट्री गेट और रिजर्व टिकटधारकों के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था की जाएगी.
  • भीड़ नियंत्रण लिए नया फुट ओवरब्रिज और एस्केलेटर भी बनाए जा रहे हैं जिससे यात्रियों की आवाजाही बेहतर होगी.

 Anand Vihar Railway Station Crowd Management : त्योहारी सीजन में दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने एक खास योजना तैयार की है. दिवाली और छठ पूजा से पहले जनरल और रिजर्व टिकट वाले यात्रियों के लिए प्रवेश गेट पूरी तरह अलग कर दिए जाएंगे. इसके लिए स्टेशन परिसर में करीब 4,000 यात्रियों की क्षमता वाला विशाल यात्री सुविधा शिविर तैयार किया जा रहा है, जिसमें बैठने, पानी, शौचालय और खानपान जैसी तमाम आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. साथ ही, दिवाली के दिन दिल्ली-NCR के कई रेलवे रिजर्वेशन काउंटर बंद रहेंगे. 

दिवाली और छठ महापर्व के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाद सबसे ज्यादा स्पेशल ट्रेन आनंद विहार रेलवे स्टेशन से चलाई जाती है. इसके चलते हर साल त्योहारों के वक्त यहां पैर रखने की जगह नहीं होती और भारी भीड़ उमड़ पड़ती है.लिहाजा, इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने और पिछले साल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अपनाए गए सफल फॉर्मूले की तर्ज पर अब आनंद विहार स्टेशन पर भी यात्रियों के मूवमेंट को व्यवस्थित किया जा रहा है. स्टेशन को एक बड़े मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है. दरअसल, यहां आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है.

जनरल और रिजर्व सीट वाले यात्रियों के लिए होंगे अलग-अलग गेट

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस व्यवस्था को दिवाली से पहले लागू कर दिया जाएगा. इसके तहत जनरल या अनारक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्री स्टेशन पर बनाए जा रहे नए यात्री सुविधा शिविर के रास्ते अंदर दाखिल होंगे. वहीं, स्टेशन की मुख्य इमारत के सामने वाले पारंपरिक एंट्री गेट से सिर्फ आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को ही अंदर जाने की इजाजत होगी.

चार हजार यात्रियों की क्षमता वाला विशाल यात्री सुविधा शिविर

आनंद विहार स्टेशन पर नई दिल्ली से भी बड़ा यात्री सुविधा शिविर तैयार किया जा रहा है. दीवाली से पहले यहां लगभग 4,000 यात्रियों की क्षमता वाला शिविर बनकर तैयार हो जाएगा, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 7 से 8 हजार यात्रियों तक किया जाएगा. इस शिविर के भीतर यात्रियों के लिए पीने का साफ पानी, शौचालय, अतिरिक्त टिकट काउंटर, फूड कियोस्क और सुरक्षा जांच की पुख्ता व्यवस्था होगी. इस सुविधा शिविर से एक विशेष कॉरिडोर बनाया गया है, जो सीधे स्टेशन के एंट्री गेट वाले अंडरपास तक जोड़ेगा.

नया एफओबी और एस्केलेटर की सुविधा

यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए बुनियादी ढांचे में भी सुधार किया जा रहा है. मौजूदा वक्त में आनंद विहार स्टेशन पर DMRC का फुट ओवरब्रिज है, जिसके उतरते ही यात्री सुविधा शिविर बनाया गया है. नमो भारत की मेट्रो सेवाएं बहाल होने से यहां यात्रियों का दबाव बढ़ गया है, जिसे देखते हुए एक नया एफओबी तैयार किया जा रहा है, ताकि भीड़ दो अलग रास्तों पर बंट सके. एनसीईआरटीसी में दाखिल होने के लिए स्टेशन भवन से बाहर निकलने पर एस्केलेटर की सुविधा दी जाएगी, जिससे एक ही पॉइंट पर भीड़ जमा नहीं होगी.

यह भी पढें- जयपुर से माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, दिल्ली और जम्मू तवी समेत होंगे 8 स्टेशन

दीवाली पर बंद रहेंगे कई रेलवे टिकट काउंटर

दिवाली के त्योहार वाले दिन रेलवे ने कुछ चुनिंदा स्थानों पर टिकट आरक्षण काउंटर बंद या आंशिक रूप से संचालित करने का फैसला किया है. जो काउंटर पूरी तरह से बंद रहेंगे उनमें संसद भवन, प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, रेलवे बोर्ड, सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) पर बने रेलवे टिकट काउंटर शामिल है. वहीं, सरोजिनी नगर, कीर्ति नगर, शकूर बस्ती, दिल्ली शाहदरा, गाजियाबाद, कड़कड़डूमा, ओखला, नोएडा, तुगलकाबाद, सब्जी मंडी, आदर्श नगर, लाजपत नगर, रोहिणी, एम्स और इंटरनेशनल टूरिस्ट ब्यूरो के काउंटर दोपहर 2 से रात 8 बजे तक बंद रहेंगे.

यह भी पढ़ें- रावघाट से रायपुर तक शुरू हुई सीधी पैसेंजर ट्रेन सेवा, ताड़ोकी, भानुप्रतापपुर, दल्ली राजहरा और दुर्ग समेत होंगे 6 स्टॉपेज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anand Vihar Railway Station, Indian Railways, Diwali 2026, Train News, Railway News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com