- दिल्ली जल उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर होगा वेरिफिकेशन.
- जल बोर्ड पानी उपभोक्ताओं का e-KYC वेरिफिकेशन करवाएगी.
- 6 महीनों तक बड़े पैमाने पर घर-घर जाकर अभियान चलेगा.
राजधानी दिल्ली में जल सेवाओं को और अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए दिल्ली जल बोर्ड (Delhi Jal Board) ने बड़ा कदम उठाया है. दिल्ली जल बोर्ड द्वारा राजधानी के 26 लाख से अधिक पानी उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी (e-KYC) वेरिफिकेशन करवाने का प्लान तैयार किया गया है. इसके तहत अगले 6 महीनों तक बड़े पैमाने पर घर-घर जाकर अभियान चलाया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत जल बोर्ड की टीमें घर-घर जाकर उपभोक्ताओं की जानकारियों को अपडेट करेंगी.
वेरिफिकेशन के दौरान क्या-क्या होगा काम
जल उपभोक्ताओं के वेरिफिकेशन के दौरान जल कनेक्शन और संपत्ति का सही पता वेरिफाइ किया जाएगा. इसके साथ उनका मोबाइल नंबर अपडेट किया जाएगा और वाटर मीटर की मौजूदा स्थिति की जांच की जाएगी. वहीं बिलिंग में पारदर्शिता लाने के लिए मीटर की लाइव फोटो लेने के साथ ही जीपीएस टैगिंग भी की जाएगी.
उपभोक्ताओं को क्या होगी सहूलियत?
अधिकारियों का मानना है कि इस ई-केवाईसी प्रक्रिया के पूरा होने से गलत या देरी से बिल मिलने की शिकायतों और बिलिंग से जुड़ी त्रुटियों को काफी हद तक कम किया जा सकेगा. सही डेटा उपलब्ध होने से उपभोक्ताओं को समय पर और सटीक पानी के बिल प्राप्त हो सकेंगे.
उपभोक्ताओं को बरतनी होगी सावधानी
दिल्ली जल बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह ई-केवाईसी वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त है, इसके लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा. वहीं घर आने वाले सर्वेयर का आधिकारिक आईडी जरूर जांच लें. किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी (OTP) या मूल दस्तावेज बिल्कुल न दें. किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए उपभोक्ता दिल्ली जल बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | दिल्ली की 1511 अनधिकृत कॉलोनियों को मिलेगी राहत, पीएम-उदय योजना में आवेदन करने की डेडलाइन बढ़ेगी
यह भी पढ़ें | छठ से पहले दिल्ली में नमो यमुना रिवर सफारी की तैयारी, क्रूज पर बोटिंग का मजा, जानें रूट, किराया और सुविधाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं