- दिल्ली से बिहार के लिए 77 बस सेवा शुरू की गई है.
- बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश लौटने वाले यात्रियों को फायदा.
- रूट के आधार पर 134 रुपये से1028 रुपये तक किराया.
छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली से अपने घर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश लौटने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली और बिहार सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. त्योहारी सीजन में ट्रेनों में टिकटों की मारामारी और लंबी वेटिंग लिस्ट से जूझ रहे यात्रियों को आसान और किफायती यात्रा का विकल्प देने के लिए दोनों सरकारों के बीच हुए समझौते के तहत अंतरराज्यीय बस सेवाओं की शुरुआत की गई है. शुरुआती चरण में दिल्ली के आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के लिए कुल 77 स्पेशल बसें चलाई जा रही हैं.
बस के किराये में छूट
त्योहार पर लोगों को सुविधा देने के लिए इन बसों में विशेष और रियायती किराया तय किया गया है. बस की श्रेणी और रूट के आधार पर यात्रियों को 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की सीधी छूट दी जा रही है. यह सेवा नॉन-एसी सीटर, नॉन-एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर श्रेणियों में उपलब्ध कराई गई है. जैसे पटना-दिल्ली मार्ग पर नॉन-एसी सीटर का किराया 1,615 रुपये से घटाकर 1,221 रुपये और एसी सीटर का किराया 1,980 रुपये से घटाकर 1,361 रुपये कर दिया गया है.
बिहार के पांच प्रमुख डिविजनों के लिए बस संचालित
परिवहन विभाग के मुताबिक, पहले चरण में बिहार के पांच प्रमुख डिविजनों के लिए बस सेवा शुरू की गई है.
मुजफ्फरपुर: 36 बसें
पटना: 13 बसें
पूर्णिया: 12 बसें
गया: 10 बसें
दरभंगा: 6 बसें
बस का क्या होगा रूट
दिल्ली को बिहार के विभिन्न शहरों से जोड़ने के लिए कुल 18 अंतरराज्यीय मार्ग तय किए गए हैं, जिनमें पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, बक्सर, नवादा, मधुबनी और बिहारशरीफ शामिल हैं. ये बसें नोएडा, आगरा, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर और वाराणसी जैसे उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के रास्तों से होकर गुजरेंगी.
दोनों राज्यों के बीच हुए इस समझौते के तहत एक राज्य में जारी किया गया टिकट पूरे सफर के लिए मान्य होगा. साथ ही, पर्यावरण और सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देते हुए केवल बीएस-6 (BS-6) या उससे अधिक के उत्सर्जन मानकों का पालन करने वाली बसों को ही अनुमति दी गई है, जिनमें व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) और इमरजेंसी बटन की अनिवार्य व्यवस्था की गई है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली से 12 नवंबर को 31 और 13 नवंबर को 24 स्पेशल ट्रेन, जरूरत पड़ने पर खोली जा रही अनारक्षित गाड़ियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं