बिहार में सरकार द्वारा बेटियों और महिलाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है. जिसमें जन्म से लेकर शिक्षा, विवाह और रोजगार तक के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है. इतना ही नहीं बिहार सरकार उन बेटियों को आगे बढ़ा रही है जो UPSC और BPSC की प्रारंभिक परीक्षा पास कर रहे हैं. उन्हें आर्थिक मदद दे कर अगली परीक्षा की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. गरीब परिवार की बेटियों को और विधवा बेसहारा महिलाओं को आर्थिक मदद दी जा रही है. चलिए आपको बताते हैं बिहार में बेटियों और महिलाओं के लिए कौन-कौन सी योजनाएं चलाई जा रही है और उनमें कितना लाभ दिया जा रहा है.
मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना
मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना में बेटियों के जन्म के साथ ही लाभ दिया जाता है. जो शिक्षा शुरू करने से लेकर स्नातक की पढ़ाई पूरी करने तक 50 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाती है. इससे बेटियों को हायर एजुकेशन में मदद मिलती है. जबकि इससे पहले इंटरमीडिएट पास करने वाली अविवाहित बेटियों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन दी जाती है.
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए आर्थिक मदद दी जाती है. इस योजना में जीविका के जरिए शुरुआती सहायता के रुप में बैंक अकाउंट में सीधे 10 हजार रुपये भेजे जाते हैं. जबकि बिजनेस बढ़ने के साथ ही आगे और भी मदद दी जाती है. इसमें 6 महीने बाद अपने काम को आगे बढ़ाने के लिए 2 लाख रुपये की वित्तीय मदद ले सकती है.
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत जिन महिलाओं को नया बिजनेस या उद्योग स्थापित करने की इच्छा होती है. उन्हें वित्तीय सहायता के रूप में 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है जिस पर सब्सिडी और ब्याज दर शून्य होता है. यानी इसमें 5 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाती है जो वापस नहीं करना पड़ता है. वहीं बाकी 5 लाख रुपये पर कोई ब्याज नहीं लिया जाता है.
प्रतियोगिता प्रोत्साहन योजना
प्रतियोगिता प्रोत्साहन योजना में बिहार की जो बेटियां संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा या बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की प्रारंभिक परीक्षा पास करती है तो UPSC पास करने वाले बेटियों को 1 लाख रुपये और BPSC पास करने वाली बेटियों को 50 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाती है. जिससे वह आगे मुख्य परीक्षा की तैयारी कर सकें.
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत छात्राओं को लोन दिया जाता है. बेटियों को हायर एजुकेशन के लिए महज 1 प्रतिशत ब्याज पर 4 लाख रुपये तक का एजुकेशन लोन उपलब्ध कराया जाता है.
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत बिहार के गरीब और BPL परिवार के बेटियों को शादी के समय 5000 रुपये की सहायता राशि सीधे लड़की के अकाउंट में भेजी जाती है. यह बाल विवाह को रोकने के लिए योजना है, जिससे लोग समय पर सही उम्र में बेटियों की शादी करें और शादी के समय बेटियों को राशि दी जाती है.
मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना
मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना के तहत बिहार में 9वीं क्लास में छात्राओं के प्रवेश लेते समय साइकिल खरीदने के लिए सीधे अकाउंट में पैसे भेजे जाते हैं. इसका उद्देश्य है कि बेटियां स्कूल पहुंच सके और उन्हें कोई दिक्कत न हो.
मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना
मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना के तहत स्कूल में कक्षा 1 से 12वीं तक पढ़ने वाली बालिकाओं को स्कूल यूनिफॉर्म खरीदने के लिए राशि दी जाती है. यह राशि सालाना 600 से 1500 रुपये तक दी जाती है.
मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना
मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना भी छात्राओं के लिए है जिसमें मैट्रिक यानी 10वीं कक्षा फर्स्ट डिविजन से पास करने वाली बेटियों को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है.
लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना
लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बिहार के गरीब और बेसहारा विधवा महिलाओं के लिए वित्तीय सुरक्षा के उद्देश्य से 400 रुपये की पेंशन राशि सीधे अकाउंट में दी जाती है. इसमें शर्त है कि महिला BPL कैटगरी में हो और परिवार की कुल सालाना इनकम 60 हजार या उससे कम हो.
यह भी पढ़ेंः उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के लिए कौन-कौन सी योजना, किस स्कीम में कितना पैसा देती है सरकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं