- हरियाणा के अंबाला में 600 करोड़ रुपये की लागत से देश का सबसे बड़ा 1857 शहीदी स्मारक आम जनता के लिए खुल गया है.
- स्मारक में 22 गैलरियां हैं, जहां 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज व गाथाएं प्रदर्शित हैं.
- हर दिन सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक केवल पांच सौ विजिटर्स को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा.
Ambala Shaheedi Smarak: 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों की गाथा को जीवंत करने वाला देश का सबसे बड़ा शहीदी स्मारक अब आम जनता के दीदार के लिए खुल गया है. हरियाणा के अंबाला में करीब 600 करोड़ रुपये की भारी भरकम लागत से तैयार हुए इस भव्य स्मारक में रविवार सुबह हवन पूजन के बाद पहले बैच को प्रवेश दिया गया. हरियाणा सरकार की इस अनूठी सौगात को देखने के लिए पहले एक महीने तक लोगों को मुफ्त एंट्री दी जा रही है.
स्मारक प्रबंधन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शुरुआती एक महीने तक रोजाना केवल 500 विजिटर्स को ही निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा. आम लोग सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक इस ऐतिहासिक धरोहर का भ्रमण कर सकेंगे. वार मेमोरियल के डायरेक्टर डॉ. कुलदीप सैनी के मुताबिक, पूरे परिसर और सभी गैलरियों को बारीकी से देखने में करीब 5 घंटे का वक्त लगता है. यही वजह है कि आखिरी बैच के लिए दोपहर 3 बजे से पहले स्मारक पहुंचना जरूरी है. यानी इसके बाद एंट्री नहीं मिलेगी.
#WATCH | Haryana | Union Home Minister Amit Shah inaugurated the 1857 Shaheed Smarak (Martyrs' Memorial) in Ambala Cantonment https://t.co/iWPXuqdXe0
— ANI (@ANI) November 5, 2026
22 गैलरियों में दिखेगा इतिहास
इस विशाल शहीदी स्मारक में कुल 22 अत्याधुनिक गैलरियां बनाई गई हैं, जहां 1857 की क्रांति से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज, कलाकृतियां और वीर गाथाएं संजोई गई है. भीड़ प्रबंधन और बेहतर अनुभव के लिए विजिटर्स को 40-40 लोगों के समूह में विभाजित किया जाएगा. हर बैच के साथ एक प्रशिक्षित गाइड मौजूद रहेगा, जो क्रांति के हर पहलू की विस्तार से जानकारी देगा.
63 मीटर ऊंचे टावर पर जीवंत होगी 1857 की क्रांति
स्मारक का सबसे बड़ा आकर्षण इसका लाइट एंड साउंड शो है. यहां 2,500 दर्शकों की क्षमता वाला एक विशाल ओपन एयर थिएटर तैयार किया गया है. शो के दौरान दो बड़ी वाटर स्क्रीन, संग्रहालय की दीवारों और 63 मीटर ऊंचे भव्य टावर को स्क्रीन के रूप में इस्तेमाल कर 1857 के संग्राम की पूरी कहानी दिखाई जाएगी. अगले एक महीने तक यह लाइट एंड साउंड शो भी पूरी तरह निशुल्क रहेगा, जिसके बाद इसके लिए टिकट शुल्क लागू किया जाएगा.
घर बैठे ऐसे करें ऑनलाइन बुकिंग
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रायल के तौर पर शुरू की गई इस फ्री एंट्री के दौरान भी बिना ऑनलाइन बुकिंग के किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा. इच्छुक दर्शक आधिकारिक पोर्टल ambalawarmemorial.com पर जाकर अपना टाइम स्लॉट और टिकट बुक कर सकते हैं. ऑनलाइन बुकिंग के बाद टिकट का प्रिंट आउट साथ लाना जरूरी है, जिसकी मेन गेट पर जांच होगी. इसके अलावा, छोटे बच्चों को छोड़कर सभी विजिटर्स के लिए अपना पहचान पत्र साथ रखना जरूरी किया गया है. एक महीने का ट्रायल पूरा होने के बाद स्मारक में प्रवेश और शो के लिए निर्धारित शुल्क लागू कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- मेट्रो स्टेशन पर कैसे खोलें अपनी दुकान या कियोस्क? जानें किराया, आवेदन प्रक्रिया और लाइसेंस की पूरी जानकारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं