दूरदर्शन की महाभारत के 'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले नीतीश भारद्वाज फिल्म 'रामायण' से काफी निराश लग रहे हैं. हाल ही में उन्होंने फिल्म देखने के बाद पहले की गई अपनी तारीफ वापस लेने की बात कही थी तो वहीं अब रणबीर कपूर और यश की 4000 करोड़ी रामायण को लेकर नया पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि रामायण फिल्म युवा को गुमराह कर रही है. वहीं उन्होंने युवा से किताबें पढ़ने की अपील की ताकि वह फिल्मों में दिखाईं गई बातों को सच ना मान लें.
महाभारत के श्रीकृष्ण का रामायण पर रिएक्शन
इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए नीतीश भारद्वाज ने कैप्शन में लिखा, 'मसाला फिल्म' शैली में बनी रामायण युवाओं को हिंदू धर्म, इसके नायक-खलनायकों और भारत की स्वर्णिम विरासत के बारे में गुमराह करती है. मेरी युवाओं से अपील है कि वे अच्छी तरह से शोध की गई किताबें पढ़ें और केवल सोशल मीडिया या फिल्मों में दिखाई गई बातों को ही सच न मान लें. इसके अलावा पोस्ट में एक फोटो शेयर की गई है, जिसमें इसी बात को दोहराया गया है.
नीतीश भारद्वाज ने पहले जाहिर की थी निराशा
नीतीश भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी थी, जिसमें उन्होंने लिखा, ''रामायण भारत के डीएनए में है. रामायण केवल एक कहानी नहीं है. यह सनातन भारत की सभ्यतागत और आध्यात्मिक चेतना में गहराई से बसी हुई है. इसके नायक, नायिका और खलनायक इस महाकाव्य के मूल्यों और संदेश का अहम हिस्सा हैं. उनके चरित्र और महत्व को यूं ही नए सिरे से परिभाषित नहीं किया जा सकता.''
उन्होंने आगे लिखा, ''भगवान महाविष्णु ने धर्म की रक्षा, परंपरा को बनाए रखने और मर्यादा स्थापित करने के लिए राम अवतार लिया था. फिल्म में रावण को असाधारण रूप से उदार, सामाजिक रूप से न्यायप्रिय और निष्पक्ष दिखाकर, मेरी नजर में रामायण के नैतिक आधार को बदल दिया गया है. इससे भगवान के अवतार लेने का मूल उद्देश्य भी कमजोर होता है. मैं इस फिल्म से बेहद दुखी और निराश हूं. मैं इसके बारे में पहले की पोस्ट वापस लेता हूं. मुझे इस फिल्म में तारीफ करने लायक एक भी बात नजर नहीं आती. शानदार वीएफएक्स रामायण के मूल्यों, दार्शनिक गहराई और आध्यात्मिक सार की जगह कभी नहीं ले सकते.''
उन्होंने फिल्म के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने पर भी सवाल उठाया. अभिनेता ने कहा, ''भारत की सांस्कृतिक विरासत को जिम्मेदारी के साथ दिखाया जाना चाहिए. जिस फिल्म की कहानी भारत के इतिहास, विरासत और मूल आध्यात्मिक मूल्यों को गलत तरीके से पेश करती हो, वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने के योग्य नहीं है.''
ट्रेलर की थी तारीफ
गौरतलब है कि नीतीश भारद्वाज ने फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद इसकी तारीफ की थी. उस समय उन्होंने कहा था कि फिल्म में ऑस्कर की बेस्ट फॉरेन फिल्म कैटेगरी में जगह बनाने की मजबूत संभावना है. हालांकि, पूरी फिल्म देखने के बाद उनका नजरिया बदल गया और उन्होंने अपनी पुरानी तारीफ वापस ले ली.
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ''रामायण'' में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, अरुण गोविल और लारा दत्ता सहित कई कलाकार हैं. यह फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं