क्योंकि सास भी कभी बहू थी टीवी के पॉपुलर सीरियल्स में से एक है, जिसने 26 साल बाद भी दर्शकों का दिल जीता. लेकिन अब यह दूसरा सीजन भी खत्म होने वाला है क्योंकि ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी' के आखिरी एपिसोड की शूटिंग पूरी हो चुकी है. वहीं शूट के आखिरी दिन तुलसी यानी स्मृति ईरानी ने उन लोगों को खास अंदाज में शुक्रिया कहा, जिनकी मेहनत से विरानी परिवार की कहानी घर-घर तक पहुंची. दर्शकों की चहेती तुलसी ने इंस्टाग्राम पर एक दिल छू लेने वाला वीडियो साझा किया, जिसमें वह हमें सेट की सैर कराते हुए कैमरे के पीछे काम करने वाली टीम से मिलवा रही हैं.
शूटिंग के आखिरी दिन का वीडियो
वीडियो के साथ स्मृति ने लिखा, “पर्दा गिरने से पहले… मिलिए उन लोगों से, जिन्होंने यह जादू रचा.” इस छोटी-सी बात में पूरी टीम के लिए उनका प्यार और आभार झलकता है. जिन चेहरों को दर्शक आमतौर पर स्क्रीन पर नहीं देख पाते, उन्हें सामने लाकर स्मृति ने शूटिंग के आखिरी दिन को और भी खास बना दिया. इस वीडियो को देखने के बाद फैंस भी इमोशल हो गए हैं.
अब शूटिंग पूरी होने पर स्मृति का यह वीडियो उस टीम को पहचान देता है, जिसने पर्दे के पीछे रहकर इस दुनिया को बसाया, जिनके नाम अक्सर क्रेडिट्स में दिखाई देते हैं, उनसे दर्शकों की इस तरह मुलाकात होना अपने आप में खास है. तुलसी को एक बार फिर विदा करने की तैयारी कर रहे दर्शकों के लिए यह वीडियो सेट से जुड़ी एक प्यारी याद है और पूरी टीम के लिए दिल से कहा गया शुक्रिया. जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि क्योंकि सास भी कभी बहू थी के दूसरे सीजन का आखिरी एपिसोड 20 अक्टूबर को साढ़े 10 बजे दिखाया जाएगा.
यह भी पढ़ें | लता मंगेशकर का 28 साल पुराना रोमांटिक हिंदी गाना, 34 सेकंड तक मलयालम लिरिक्स, रिकॉर्डिंग पर हुआ था अकेला महसूस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं