टीवी सीरियल ‘भाभी जी घर पर हैं' और ‘एफआईआर' में काम कर चुके एक्टर ईश्वर ठाकुर की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है. 54 साल के एक्टर इस समय आईसीयू में भर्ती हैं. उनकी बहन जयश्री ने बताया कि परिवार के पास इलाज के लिए पैसे नहीं बचे हैं और उन्होंने मदद की अपील की है. जयश्री के अनुसार, दो-तीन दिन पहले ईश्वर की हालत अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्होंने कहा कि परिवार के पास जो भी बचत थी, वह भाई की देखभाल में खर्च हो चुकी है. अब आर्थिक संकट की वजह से आगे का इलाज जारी रखना मुश्किल हो रहा है.
2020 में शुरू हुई परेशानी
स्वास्थ्य खराब होने की शुरुआत साल 2020 में हुई थी. कोविड लॉकडाउन से कुछ महीने पहले ईश्वर के पैर में एक घाव हो गया था. डायबिटीज की वजह से वह घाव ठीक नहीं हो पाया और धीरे-धीरे संक्रमण पूरे शरीर में फैल गया. जयश्री ने बताया कि इसी संक्रमण और पुरानी स्वास्थ्य परेशानियों के कारण परिवार पर आर्थिक बोझ बढ़ता गया. शुरुआती घाव की वजह से एक्टर को फैटी लीवर की समस्या भी हुई थी, हालांकि वह उस स्थिति से उबर गए थे.
बहन ने मांगी लोगों से मदद
ईश्वर की शादी नहीं हुई है. वे अपनी मां और छोटी बहन के साथ रहते हैं. परिवार की महिला सदस्य ही उनकी देखभाल कर रही हैं. जयश्री ने कहा कि ‘एफआईआर' और ‘भाभी जी घर पर हैं' के निर्माताओं ने जितनी संभव हो सकी मदद की है. कुछ सह-कलाकारों ने भी सहयोग किया. एक्ट्रेस कविता कौशिक ने मदद की अपील की थी, जिसकी वजह से अब तक इलाज चल पा रहा है. एक्टर की बहन ने लोगों से अपील की है कि जो भी मदद कर सके, वह करे ताकि ईश्वर का इलाज जारी रह सके. परिवार की स्थिति को देखते हुए आर्थिक सहयोग की जरूरत बताई गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं