25 की हीरोइन और 41 के हीरो की फिल्म ने मलयालम सिनेमा ने इतिहास रच दिया है. 25 करोड़ के बजट में बनी रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर करीब 326 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. निविन पॉली (41) और ममिथा बैजू (25) की 'बेथलहम कुडुम्बा यूनिट' फिल्म अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मलयालम फिल्म बन गई है. इससे पहले यह रिकॉर्ड 'लोका चैप्टर वन: चंद्रा' के नाम था, जिसका लाइफटाइम कलेक्शन करीब 302 करोड़ रुपये थी.
गिरीश एडी के निर्देशन वाली इस फिल्म के सह-निर्माता फहद फासिल, दिलीश पोथन और श्याम पुष्करन हैं. फिल्म 21 अगस्त 2026 को ओणम के मौके पर रिलीज हुई थी. 33 दिन बाद भी इस फिल्म को चाहने वाले की संख्या में कोई कमी नहीं आई है. कहानी करुकुट्टी की एशले और उससे उम्र में बड़े पड़ोसी जस्टिन के रिश्ते की है. उम्र के अंतर वाला रोमांस, ह्यूमन और परिवार की दुनिया दर्शकों को खूब पसंद आई.
कामयाबी का सूत्र, अच्छी कहानी और सच्ची केमिस्ट्री
सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म भारत में करीब 185 करोड़ ग्रॉस और ओवरसीज में करीब 137 करोड़ कमा चुकी है. केरल में यह सबसे बड़ी मलयालम हिट बन गई है. वर्ड ऑफ माउथ और पारिवारिक दर्शकों ने फिल्म की कामयाबी में अहम योगदान निभाया. निविन पॉली के करियर की यह सबसे बड़ी सफलता है. वे मोहनलाल के अलावा ऐसे इकलौते सोलो एक्टर बन गए हैं जिनकी फिल्में 200 करोड़ और 300 करोड़ क्लब दोनों में शामिल हैं.
फहद फासिल ने फिल्म की कामयाबी का क्रेडिट ईमानदार पटकथा, सही रिलीज टाइमिंग और दर्शकों से जुड़ने वाले टोन को दिया. वैसे भी छोटे बजट में बड़ी फिल्में देना मलयालम फिल्म इंडस्ट्री की यूएसपी रही है. लोका, एल2 और थुडरम जैसी फिल्मों को पीछे छोड़कर बेथलहम कुडुम्बा यूनिट ने साबित कर दिया कि अच्छी कहानी और सच्ची केमिस्ट्री ही कामयाबी का सबसे बड़ा सूत्र है. फिल्म का सफर सिनेमाघरों में अब भी जारी है, यानी ये 350 करोड़ का आंकड़ा भी जल्द ही पार कर सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं