विज्ञापन

कभी किया डिलीवरी बॉय वाला काम... अब WhatsApp के हेड, कुणाल शाह की पूरी जिंदगी मोटिवेशन से कम नहीं

CRED के संस्थापक Kunal Shah का 14 साल की उम्र से शुरू हुआ संघर्ष उन्हें WhatsApp के ग्लोबल हेड तक ले गया. जानिए उनकी शिक्षा, करियर, FreeCharge, CRED और सफलता की पूरी कहानी.

कभी किया डिलीवरी बॉय वाला काम... अब WhatsApp के हेड, कुणाल शाह की पूरी जिंदगी मोटिवेशन से कम नहीं

CRED के संस्थापक कुणाल शाह (Kunal Shah) स्टार्टअप जगत में सबसे ज्यादा चर्चा में हैं. इसकी वजह है कि Mark Zuckerberg की कंपनी Meta ने Kunal Shah को मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp का ग्लोबल हेड नियुक्त किया है. हालांकि, कुणाल शाह की जिंदगी जितनी आसान दिखती है, उतनी है नहीं. उनके संघर्ष की कहानी दिखाती है कि अगर मन में जज्बा हो तो बड़ी से बड़ी मंजिल तक आसानी से पहुंचा जा सकता है. आइए, आपको कुणाल शाह के बारे में बताते हैं. 

कुणाल शाह उन चुनिंदा स्टार्टअप संस्थापकों में शामिल हैं जिन्हें अलग पहचान रखने वाला माना जाता है. वह जमीन से जुड़े, संवेदनशील और हाजिरजवाब इंसान हैं. उन्होंने महज 14-15 साल की उम्र में ही संघर्ष करना शुरू कर दिया था. पिता का कारोबार ठप होने के बाद उनका परिवार आर्थिक संकट में आ गया था. ऐसे में परिवार की मदद के लिए उन्होंने कई तरह के छोटे-बड़े काम किए. 16 साल की उम्र तक शाह डिलीवरी बॉय, डेटा ऑपरेटर, मेहंदी कोन बेचने वाले, साइबर कैफे ऑपरेटर, पायरेटेड सीडी बेचने वाले और कंप्यूटर स्किल्स ट्यूटर जैसे काम करके आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो चुके थे.

CRED के 1.5 करोड़ से ज्यादा यूजर्स

CRED की बात करें तो फिलहाल कंपनी के 1.7 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स हैं. कंपनी का बिजनेस एक मेंबरशिप-बेस्ड प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है, जो समय पर क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान करने वाले ग्राहकों को रिवॉर्ड देता है. एक बयान में मार्क जकरबर्ग ने कहा था कि शाह ने CRED को "भारत की सबसे महत्वपूर्ण टेक कंपनियों में से एक" बनाया है और उनके भीतर वह "बिल्डर मानसिकता और ग्लोबल नजरिया" है, जिसकी दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग ऐप को जरूरत है.

Philosophy ग्रेजुएट और MBA ड्रॉपआउट

देश के अन्य चर्चित स्टार्टअप संस्थापकों की तरह Kunal Shah के पास IIT या IIM की डिग्री नहीं है, न ही उनके पास टेक्निकल एजुकेशन की पृष्ठभूमि है. उन्होंने मुंबई के Wilson College से फिलॉसफी की पढ़ाई की. साल 2024 में शाह ने Info Edge (Naukri.com की मूल कंपनी) के संस्थापक संजीव बिखचंदानी को बताया था कि फिलॉसफी विषय चुनने की वजह इस विषय में रुचि या कम अंक नहीं थे. इसकी असली वजह यह थी कि इस विषय की कक्षाएं सुबह 8 बजे से 10 बजे तक होती थीं. दिन का बाकी समय वह अपने अलग-अलग कामों में लगाते थे.

कॉलेज के बाद कुणाल शाह ने मुंबई के नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) में MBA में दाखिला लिया, लेकिन डिग्री पूरी होने से पहले ही पढ़ाई छोड़ दी. उन्होंने कहा, "मुझे महसूस हुआ कि किसी तयशुदा प्रोग्राम के बजाय खुद सीखना मेरे लिए ज्यादा बेहतर था, क्योंकि पाठ्यक्रम और थ्योरी अधिकतर अच्छे अंक लाने के लिए बनाए गए थे, न कि चीजों को वास्तव में समझने के लिए. इसलिए मेरे लिए MBA का ये प्रारूप काम नहीं आया." हालांकि, उन्होंने कहा, "ऐसा नहीं है कि मैं लोगों को MBA करने की सलाह नहीं देता. मेरा मानना है कि इसकी अपनी अहमियत है. लेकिन मुझे लगा कि इसमें व्यावहारिकता की कमी थी और जो पढ़ाया जा रहा था, वह मौजूदा समय के हिसाब से पर्याप्त प्रासंगिक नहीं था."

डिग्रियों पर कभी भरोसा नहीं करने वाले शख्स

शाह ये भी खुलासा कर चुके हैं कि CRED के सीनियर लीडर में से एक केवल 10वीं पास हैं. भर्ती के दौरान उन्होंने कभी भी डिग्रियों को ज्यादा महत्व नहीं दिया. इसके बजाय वह ऐसे लोगों को प्राथमिकता देते हैं जो बहुआयामी हों और अलग-अलग पृष्ठभूमि से आते हों. ऐसे भी कई उदाहरण रहे हैं जब लोगों ने LinkedIn पर शाह को सीधे टैग किया और उन्हें CRED में इंटर्नशिप मिल गई.

आपको बता दें कि कुणाल शाह ने साल 2018 में 10 लाख डॉलर के अपने निजी निवेश के साथ CRED की शुरुआत की थी. हालांकि, इसको शुरू करने से पहले उन्होंने FreeCharge की स्थापना की थी, जो भारत के शुरुआती डिजिटल पेमेंट स्टार्टअप्स में से एक था. बाद में साल 2017 में FreeCharge को लगभग 6 करोड़ डॉलर में Axis Bank को बेच दिया गया था.

कुणाल शाह ने जून 2026 में WhatsApp ग्लोबल हेड Will Cathcart की जगह ली है. Cathcart अब Meta के भीतर AI आधारित कंज्यूमर प्रोडक्ट्स पर फोकस करने के लिए नई भूमिका संभाल रहे हैं. भारत WhatsApp का सबसे बड़ा बाजार है, जहां 50 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं. जबकि ग्लोबली WhatsApp के 3 अरब से ज्यादा यूजर्स हैं.

ये भी पढ़ें: Jio का 55 रुपये वाला प्रीपेड प्लान, 30 दिन की वैलिडिटी और 1000+ Live TV चैनलों का एक्सेस, लेकिन रखें इस बात का ध्यान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CRED CEO Kunal Shah, Kunal Shah WhatsApp CEO, Kunal Shah Whatsapp, WhatsApp, CRED App
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com