राजस्थान के चूरू जिले में एक कूरियर कंपनी में गबन का एक बड़ा मामला सामने आया है. कंपनी का एक कर्मचारी सोने के गहनों का पार्सल और 15 लाख रुपये डिलीवरी करने निकला था. लेकिन उसने डिलीवरी नहीं की और गहने और कैश लेकर फरार हो गया. कंपनी की शिकायत मिलने के बाद सरदारशहर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. लेकिन अभी तक ना तो सभी गहने मिल सके हैं और ना ही पूरी राशि बरामद की जा सकी है. सरदारशहर थाना पुलिस ने कूरियर कंपनी के 15 लाख रुपये नकद और सोने के पार्सल में गबन करने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीराराम उर्फ विक्रम, निवासी सिरोही के रूप में हुई है.
ज्वेलरी कंपनी का सोना और कैश पहुंचाना था
मामले में जयतीलाल प्रवीण कुमार कूरियर कंपनी के अधिकृत कर्मचारी महेंद्र मुलजी भाई प्रजापति, निवासी राजकोट (गुजरात), ने सरदारशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने 19 जून 2026 को आरोपी वीराराम को 15 लाख रुपये नकद तथा एमएम गोल्ड का ज्वेलरी पार्सल बीकानेर शाखा तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी थी. लेकिन आरोपी निर्धारित स्थान पर पार्सल पहुंचाने के बजाय नकदी और ज्वेलरी लेकर फरार हो गया.
आरोपी के गांव पहुंचे कंपनी के लोग
बाद में कंपनी के प्रतिनिधि जब उसके गांव पहुंचे तो आरोपी ने 11.50 लाख रुपये नकद तथा पांच गोल्ड पीस में से चार गोल्ड पीस वापस कर दिए. साथ ही उसने शेष 3.50 लाख रुपये और करीब 14 ग्राम वजन का एक गोल्ड पीस कुछ दिनों में लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन तय समय बीतने के बावजूद उसने न तो राशि लौटाई और न ही गोल्ड पीस वापस किया. इसके बाद कंपनी की ओर से सरदारशहर थाने में गबन का मामला दर्ज कराया गया. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और शेष 3.50 लाख रुपये तथा 14 ग्राम सोने के पीस की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि इस गबन में किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता तो नहीं है.
ये भी पढ़ें-: बिजली के पोल पर चढ़ गया सरपंच, 11kv के हाईटेंशन लाइन से था परेशान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं