पंजाब में बुधवार को हुई एक दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. अमेरिका से लौटे एनआरआई गुरसेवक सिंह आसल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि हमलावर थार वाहन में सवार होकर आए थे और उन्होंने गुरसेवक सिंह की कार का पीछा किया. मौका मिलते ही आरोपियों ने उन पर लगातार कई गोलियां दाग दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
वीडियो में दिखी ताबड़तोड़ फायरिंग
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी पहले कार के पीछे लगते हैं और फिर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देते हैं. वारदात की भयावह तस्वीरों ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है.
माता-पिता का था इकलौता बेटा
गुरसेवक सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और कुछ समय पहले ही अमेरिका से वापस लौटे थे. उनके पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और तीन बेटियां हैं. परिवार पहले से ही एक बड़े दुख से गुजर रहा था, क्योंकि कुछ महीने पहले उनके चाचा के बेटे की कनाडा में मौत हो गई थी. अब गुरसेवक सिंह की हत्या ने परिवार को एक और गहरा सदमा दे दिया है. पुलिस ने मामले जांच शुरू कर दी है. हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं