- कांग्रेस के चरणजीत सिंह 12 नवंबर से पंजाब में युवाओं के लिए साइकिल यात्रा "जवानी संभाल यात्रा" शुरू करेंगे
- यह यात्रा नौ दिनों में 28 विधानसभाओं से गुजरते हुए लगभग 625 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और जनसंपर्क करेगी
- पंजाब कांग्रेस में सीएम चेहरे के एलान को लेकर अनिर्णय है, लेकिन चन्नी चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख बने हुए हैं
कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के घर का गार्डन आजकल सैकड़ों नई साइकिलों का स्टैंड बना हुआ है. चंडीगढ़ से सटे रूपनगर के मोरेंडा में स्थित चन्नी के परिसर में कुछ मज़दूर नई साइकिलें तैयार करने में व्यस्त नज़र आते हैं. ये तैयारी है चन्नी की “जवानी संभाल यात्रा” की जिसकी शुरुआत 12 नवंबर से हो गई है. इस दौरान चन्नी दो हज़ार युवाओं के साथ प्रदेश भर में साइकल चला कर जनसंपर्क करेंगे. यह पहले चरण में यह यात्रा मुख्य रूप से मालवा और दोआबा के इलाकों से हो कर गुजरेगी. इस दौरान चन्नी नौ दिनों में 28 विधानसभाओं से होते हुए करीब 625 किलोमीटर की यात्रा करेंगे.
इसका उद्देश्य पंजाब के युवाओं की भावनाओं को आवाज़ देना और उन्हें शासन का ऐसा मॉडल देना है, जो राज्य में रोज़गार और प्रगति लेकर आएगा.
इस अवसर पर आयोजित रैली में हज़ारों लोगों ने भाग लिया और यात्रा की उत्साहपूर्ण शुरुआत हुई. रैली की अध्यक्षता पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और पार्टी की प्रचार समिति के अध्यक्ष चरणजीत सिंह चन्नी ने की. यात्रा शुरू करने से पहले वरिष्ठ नेतृत्व ने चमकौर साहिब के ऐतिहासिक श्री कतलगढ़ साहिब गुरुद्वारा में माथा टेका.
चुनाव से ठीक पहले युवाओं पर केंद्रित इस यात्रा को लेकर माना जा रहा है कि इसके जरिए चन्नी पंजाब में कांग्रेस का सीएम चेहरा बनने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि कांग्रेस साफ़ कर चुकी है कि इस बार वो पंजाब में चुनाव से पहले सीएम चेहरे का एलान नहीं करेगी. इससे पहले कांग्रेस ने 2017 में तात्कालिक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह और 2022 में तब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम उम्मीदवार घोषित किया था.
अपनी यात्रा से पहले एनडीटीवी से खास बातचीत में चन्नी ने कहा कि यह यात्रा किसी ओहदे या सत्ता के लिए नहीं बल्कि पंजाब के युवाओं को दलदल से निकालने के लिए है. मेरा लक्ष्य है कि पंजाब में अच्छी सरकार बने. सीएम के चेहरे का एलान नहीं किए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि ये पार्टी नेतृत्व की ज़िम्मेदारी है. सिपाही के तौर पर मैं वहीं करूँगा जो पार्टी चाहती है. पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह और प्रभारी सचिन पायलट के साथ मिलकर काम करने और “ऑल इज वेल” का संदेश दिया.
दलित समाज से आने वाले चन्नी को कांग्रेस ने चुनाव प्रचार अभियान समिति का प्रमुख बनाया है. वो प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहते थे. अभी भी सीएम पद की दावेदारी उनके मन में दबी है. भले ही चन्नी सीएम चेहरे की दावेदारी से इंकार करते हों लेकिन उनसे मिलने वाले लोग उन्हें सीएम बनाने की बात करते हैं और जवाब में चन्नी बेझिझक कहते हैं, “बनाओ-बनाओ, धन्यवाद”! चन्नी इसे पंजाब के लोगों का प्यार करार देते हैं.
वहीं विधानसभा चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा को परोक्ष रूप से ज़ाहिर करते हुए चन्नी ने कहा कि पार्टी चाहेगी तो चुनाव लड़ेंगे. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह जरूरी नहीं है. सांसद तो विधायक से बड़ा होता है.
भगवंत मान की सरकार पर निशाना साधते हुए चन्नी ने कहा, “पंजाब में माफिया जैसी सरकार चल रही है. नशा पहले भी था लेकिन अब यह घर-घर पहुँच गया है. लड़कियाँ और बच्चे तक इसकी चपेट में आ चुके हैं. गैंग वॉर की घटनाएँ बढ़ रही हैं. हर रोज़ गोलियाँ चल रही हैं. सीएम मान ने एक गैंगस्टर को आम आदमी पार्टी में शामिल किया. युवा ड्रग्स-गैंगस्टर कल्चर की तरफ़ आकर्षित हो रहा है. हम युवाओं को बचाना चाहते हैं.”
ड्रग्स की समस्या ख़त्म करने को लेकर कांग्रेस की रणनीति को लेकर चन्नी ने कहा कि मैंने अलग-अलग देशों में इसके ख़िलाफ़ चलाई गई मुहिम का अध्ययन किया है और आगे रोडमैप साझा करेंगे. चन्नी ने कहा कि इसके लिए इच्छाशक्ति की जरूरत होती है, यदि सही नेता कुर्सी पर बैठा हो तो पहले दिन से कार्रवाई शुरू हो सकती है.
यात्रा के लिए साइकल के चयन पर पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मैं गाड़ियों वाला नहीं हूँ. मैं साइकिलों वाला हूँ. किसान-मज़दूर का प्रतिनिधित्व करता हूँ. मैंने दस साल पहले भी चुनाव से पहले साइकिल यात्रा निकाली थी. राहुल गांधी को लेकर उन्होंने कहा था कि वो भी आएँगे. यात्रा को लेकर उत्साहित चन्नी ने दावा किया कि उनकी यात्रा से माहौल बदल जाएगा. चन्नी ने कहा, “एक बार निकलने दो फ़िज़ा बदल जाएगी”.
क्या चन्नी वाक़ई पंजाब की फ़िज़ा बदल पाएंगे ये तो वक़्त बताएगा लेकिन कांग्रेस के सामने एकजुटता एक बड़ी चुनौती है. चन्नी की यात्रा में भी इसकी परीक्षा होनी है. नए प्रभारी सचिन पायलट सबको इकट्ठे रखने में शुरुआती तौर पर कामयाब रहे हैं. ऊपर से भले ही सब ठीक लग रहा हो लेकिन गुटबाज़ी पूरी तरह ख़त्म नहीं हुई है. चन्नी और नेता विपक्ष बाजवा में “चेहरा” बनने की होड़ चल रही है. तो वहीं नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह भी “डार्क हॉर्स” बनने के सपने देख रहे हैं. कांग्रेस के रणनीतिकारों का मानना है यदि टिकट ठीक से बांट लिए गए तो सीएम की रेस से सभी वर्गों में पार्टी को फ़ायदा मिलेगा. कांग्रेस अपना घर मज़बूत रखेगी तभी आम आदमी पार्टी और बीजेपी-अकाली दल का मुआबला कर पाएगी. वैसे भी प्रदेश अध्यक्ष पद के झगड़े में कांग्रेस पहले ही दो-तीन महीने ख़राब कर चुकी है.
यह भी पढ़ें | राहुल के मंच पर सिद्धू मूसेवाला के पिता, समझिए पंजाब में कांग्रेस की रणनीति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं