विज्ञापन

पंजाब निकाय चुनाव में AAP की बड़ी जीत, केजरीवाल बोले- ‘काम की राजनीति’ पर जनता ने लगाई मुहर

पंजाब निकाय चुनाव में AAP की बड़ी जीत पर केजरीवाल और मान ने इसे काम की राजनीति की जीत बताया. विपक्ष पर ED के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए AAP ने हमला बोला.

पंजाब निकाय चुनाव में AAP की बड़ी जीत, केजरीवाल बोले- ‘काम की राजनीति’ पर जनता ने लगाई मुहर
चंडीगढ़:

पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हुए स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) की बड़ी जीत ने राज्य की राजनीति में नया संदेश दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान, मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज ने इसे काम की राजनीति और जनता के भरोसे की जीत बताया है.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता ने ऐतिहासिक वोट देकर भगवंत मान सरकार के कामों को शाबाशी दी है. उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनावों के बाद अब शहरी निकाय चुनावों में भी AAP को जबरदस्त समर्थन मिला है, जिससे यह साबित हो गया कि पार्टी पर सिर्फ ग्रामीण इलाकों ही नहीं, बल्कि शहरों के लोगों को भी पूरा भरोसा है.

केजरीवाल ने 'ईडी पार्टी' पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि छोटे व्यापारियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रेड करवा कर लोगों को परेशान किया गया. उन्होंने कहा, 'आज पंजाब के लोगों ने उसका जवाब वोट से दिया है. शहरों से ईडी पार्टी का पूरी तरह सफाया हो गया है.'

'कई व्यापारियों को निशाना बना रही ED'

उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव नतीजों के बाद कई व्यापारियों पर फिर से ईडी कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है. केजरीवाल ने व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि उनकी सरकार व्यापारियों के साथ खड़ी है.

यह भी पढ़ें- पंजाब BJP अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से आए केवल सिंह ढिल्लों कैसे बने सबकी पसंद?

नतीजों ने दिया जवाब

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग यह प्रचार कर रहे थे कि AAP शहरों में कमजोर है, लेकिन निकाय चुनाव के नतीजों ने इस दावे को गलत साबित कर दिया. उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लोगों ने पार्टी के कामों पर भरोसा जताया है.

निकाय चुनाव में जीत पर क्या बोले सीएम मान

उधर, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी चुनावी जीत को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जीत बताया. उन्होंने कहा कि विधानसभा, लोकसभा, पंचायत और अब नगर निगम व नगर परिषद चुनावों में जनता ने लगातार AAP के कामों पर मुहर लगाई है.

भगवंत मान ने दावा किया कि 90 प्रतिशत से अधिक नगर परिषदों में AAP उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी के कुल वोट भी AAP के बराबर नहीं पहुंच पाए. मान के मुताबिक, 'यह जीत मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, बेहतर स्कूलों और पारदर्शी तरीके से दी जा रही नौकरियों की जीत है.' उन्होंने कहा कि अब हर शहर, कस्बे और गांव का समान विकास होगा और सरकार बिना किसी भेदभाव के काम करेगी.

बीजेपी के 1142 उम्मीदवारों की जमानत जब्त- सिसोदिया

पंजाब AAP के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने भी इसे जनता का स्पष्ट संदेश बताया. उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने 'ईडी पार्टी की राजनीति' को नकार दिया है. सिसोदिया ने दावा किया कि बीजेपी के 1142 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई. उन्होंने कहा कि पंजाब में नफरत और डर की राजनीति नहीं चलती और जनता ईमानदारी व काम की राजनीति के साथ खड़ी है.

वहीं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पंजाब के लोगों ने यह दिखा दिया है कि वे अन्याय के खिलाफ खड़े होते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से पंजाब में लगातार ईडी की कार्रवाई हो रही है और केंद्र सरकार आम आदमी पार्टी को खत्म करने की कोशिश कर रही है. भारद्वाज ने कहा कि जनता ने इसका जवाब चुनाव में दिया है.

AAP नेताओं ने निकाय चुनावों के नतीजों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक संकेत बताया है. पार्टी का दावा है कि पंजाब में उसकी काम की राजनीति को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है.

लेखक के बारे में
img
NDTV News Desk
NDTV News Desk
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AAP, Punjab Local Bodies Polls, AAP Punjab Poll Candidates, Punjab Local Body Election Result, AAP Won Punjab Local Body Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com