- मुंबई में रविवार की शाम टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना हुई.
- इस हमले में टाइगर के ड्राइवर को गोली लगी और उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया.
- घटना के बाद सूबे के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ से मिलने उनके घर पहुंचे.
रविवार की शाम मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी का मामला सामने आया. वारदात के वक्त वे फुटबॉल खेलकर वापस घर लौट रहे थे. घटना में टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया, जिसमें उनकी बीएमडब्ल्यू पर चार राउंड गोलियां चलाई गईं. टाइगर इस हमले में बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर को गोली लगने के बाद नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. टाइगर के बाजू और सीने में हल्की चोट आई है. हमलावरों का पता लगाने के लिए 15 टीमें बनाई गई हैं. गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू ने लॉरेंस बिश्नोई समूह के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है.
#WATCH | Mumbai | Actress Disha Patani arrives at the residence of actor Tiger Shroff after a firing incident occurred involving actor Tiger Shroff. The actor is safe and has not sustained any gunshot injuries, as per Mumbai Police https://t.co/aXmiw324hp
— ANI (@ANI) October 18, 2026
ट्रेन से फरार हुआ हमलावर...
फायरिंग के बाद आरोपी जुहू से अंधेरी स्टेशन पहुंचा और ट्रेन के जरिए भागने में सफल रहा. जांच से पता चला है कि हमले में इस्तेमाल की गई बाइक को छोड़कर आरोपी वहां से भाग गया. पुलिस ने अंधेरी स्टेशन से उस बाइक को जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल हमले में किया गया था. शुरुआती जांच से पता चला है कि हमले में इस्तेमाल की गई बाइक मुंबई की है. यह बाइक अंधेरी वेस्ट से बरामद की गई है.
पुलिस बाइक की नंबर प्लेट और चेसिस नंबर के जरिए उसके पिछले रिकॉर्ड की जांच कर रही है. आरोपी वहां से कहां गया, यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की भी मदद ली जा रही है.
ड्राइवर की शिकायत पर FIR
टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर की शिकायत पर FIR की प्रक्रिया शुरू की गई है. हत्या की कोशिश समेत BNS की धाराओं तरह मामला दर्ज किया गया है. जिन 2 चश्मदीदों ने घायल उमेश चव्हाण को अस्पताल पहुंचाया, उनका बयान भी पुलिस ने दर्ज किया है.
डिप्टी सीएम ने टाइगर से की मुलाकात...
वारदात के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मिलकर उनका हाल-चाल जाना. उन्हें बेहतर सुरक्षा देने और आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया.
एकनाथ शिंदे ने कहा, "यह एक गंभीर घटना है. पांच राउंड फायरिंग हुई, लेकिन गनीमत रही कि टाइगर सुरक्षित बच गए. उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं. मैंने अभिनेता से मुलाकात की. उनके बाएं हाथ पर बारूद और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं. वे और उनकी मां दोनों ही काफी सदमे में हैं. मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है. किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 90 के दशक में इस तरह की गैंगवार काफी आम थीं, लेकिन मुंबई पुलिस ने 1995 में इनका खात्मा कर दिया था. लोगों को डराने-धमकाने की ऐसी कोशिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी, और हम इस गुंडागर्दी को पूरी तरह खत्म कर देंगे."
जीशान सिद्दीकी को याद आई पिता के साथ हुई घटना
एनसीपी नेता जीशान सिद्दीकी ने कहा, "ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुंबई जैसे शहर में ऐसी घटना होती है. 2026 के माहौल में ऐसा हो रहा है. 2024 में मेरे पिता के साथ भी ऐसा हुआ था, उनकी हत्या हुई थी. हम अभी भी न्याय की मांग कर रहे हैं और हम न्याय की अपेक्षा करते भी हैं."
जीशान ने आगे कहा कि सरकार को जवाब देना जरूरी है. मैं विधायक हूं और मुझे आए दिन धमकियां मिलती हैं, तो मुझे लगता है कि आम जनता कैसे ही खुद को सुरक्षित रख पाएगी. अभिनेताओं और नेताओं के साथ अगर ऐसा हो रहा है तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है."
(रिपोर्ट- ऋतिक गणकवर)
यह भी पढ़ें | टाइगर श्रॉफ का फायरिंग केस के बाद पहला वीडियो, झुलसा हाथ, बॉडी पर जख्म, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कही ये बात
यह भी पढ़ें | मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी; एक संदिग्ध हिरासत में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं