विज्ञापन

'मुझे कुछ सूझ नहीं रहा, मैं वापस...', जब मंच पर स्पीच भूले राज ठाकरे के बेटे अमित

मुंबई के रवींद्र नाट्य मंदिर में एमएनएस विद्यार्थी सेना के 20वें स्थापना दिवस पर अमित ठाकरे स्पीच देने आए थे. इस दौरान वे बोलते हुए अचानक 'ब्लैंक' हो गए.

'मुझे कुछ सूझ नहीं रहा, मैं वापस...', जब मंच पर स्पीच भूले राज ठाकरे के बेटे अमित
स्पीच के बीच अचानक ब्लैंक हो गए अमित ठाकरे (Photo: Screengrab)
  • अमित ठाकरे रवींद्र नाट्य मंदिर में स्पीच के दौरान अचानक ब्लैंक हो गए और मंच से उतर गए.
  • कुछ देर बाद लौटकर अमित ने कहा भारी भीड़ देखकर घबराहट हो गई थी.
  • अमित ठाकरे ने कहा कि अगर मैं राज साहब का बेटा नहीं होता तो राजनीति में नहीं आता.
मुंबई:

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के चीफ राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे का स्पीच भूलने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है. दरअसल, राजधानी मुंबई के रवींद्र नाट्य मंदिर में एमएनएस विद्यार्थी सेना के 20वें स्थापना दिवस पर स्पीच देने आए थे. इस दौरान अमित ठाकरे बोलते हुए अचानक 'ब्लैंक' हो गए. इसके बाद, उन्होंने मंच से ही कहा, "मुझे कुछ सूझ नहीं रहा, मैं वापस आता हूं.' इतना बोलकर अमित ठाकरे मंच से नीचे उतर गए. 

हालांकि, कुछ ही देर बाद अमित ठाकरे वापस मंच पर लौटे और अपना भाषण पूरा करते हुए उन्होंने कहा कि वह कोई भाषण रटकर नहीं आए थे, सामने इतनी भारी भीड़ देखकर उन्हें थोड़ी घबराहट हो गई थी.

विद्यार्थी सेना से जुड़ा यह कार्यक्रम एमएनएस का एक ग्रैंड इवेंट था. जब मंच पर बोलते वक्त अमित ठाकरे स्पीच भूल गए, तो उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई. इस कार्यक्रम में एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे भी मौजूद थे. इस मौके पर पार्टी के सदस्यता अभियान की भी शुरुआत की गई.

स्पीच के बीच अचानक क्या हुआ?

कार्यक्रम में राज ठाकरे और अमित ठाकरे के रुख को लेकर सभी की निगाहें टिकी थीं. अमित ठाकरे ने अपना भाषण शुरू किया और हालिया छात्र आंदोलनों का जिक्र करते हुए युवाओं की तारीफ कर रहे थे. इसी बीच वे अचानक रुके और बोले- "मुझे क्या बोलना है." 

दोबारा मंच पर वापस आने के बाद अमित ठाकरे ने अपनी घबराहट को बेहद ईमानदारी से स्वीकार करते हुए कहा, "मैं कोई भाषण रटकर या याद करके नहीं आया था. आप सभी की इतनी भारी भीड़ देखकर मुझे थोड़ी घबराहट हो गई थी. अब तक किए गए कामों को भूल जाइए, हमें याद रखना है कि आगे क्या करना है."

ये भी पढ़ें: 'सिद्धिविनायक मंदिर से हर साल 18 करोड़ का दान होता है चोरी', राज ठाकरे के आरोपों पर आज जवाब देगा मंद‍िर

'राज साहब का बेटा नहीं होता तो...'

अपने राजनीतिक सफर और पिता राज ठाकरे को लेकर अमित ठाकरे ने कहा, "मैं यह जानबूझकर और डंके की चोट पर कहता हूं कि अगर मैं राज साहब का बेटा नहीं होता, तो राजनीति में नहीं आता. मैं राजनीति में इसलिए नहीं हूं क्योंकि वो मेरे पिता हैं, बल्कि इसलिए हूं क्योंकि वो बेहद ईमानदार हैं." कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुझे आप जैसे साथी नहीं मिलते, तो मैं भी राजनीति में टिक नहीं पाता."

अमित ठाकरे ने सभी छात्रों से जुड़ने की अपील करते हुए कहा, "राज साहब को एक ऐसा महाराष्ट्र बनाना है, जिससे दुनिया को ईर्ष्या हो और वो बनेगा. लेकिन मुझे एक ऐसा छात्र संगठन बनाना है, जिस पर पूरे महाराष्ट्र को गर्व हो. इसके लिए मुझे आप सभी का साथ चाहिए."
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Thackeray, MNS, Mumbai, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com