विज्ञापन
This Article is From Jun 08, 2018

मुंबई में अगले 4 दिन संभल कर रहने की जरूरत, भारी बारिश का अनुमान

भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई सहित महाराष्ट्र के उत्तरी तटीय क्षेत्र में बुधवार से 12 जून तक तेज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है.

मुंबई में अगले 4 दिन संभल कर रहने की जरूरत, भारी बारिश का अनुमान
प्रतीकात्मक फोटो
  • मुंबई में अगले 4 दिन संभल कर रहने की जरूरत
  • भारी बारिश की संभावना
  • महाराष्ट्र के प्रशासन को सतर्क कर दिया गया
मुंबई: भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई सहित महाराष्ट्र के उत्तरी तटीय क्षेत्र में बुधवार से 12 जून तक तेज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है, वहीं, दूर-दराज क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है. अनुमान जताया जा रहा है कि मुंबई में 20 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है. मुंबई और उसके उपनगरीय शहरों को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि अगले 24 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के मध्य अरब सागर और मुंबई सहित महाराष्ट्र में आगे बढ़ने के लिए मौजूदा स्थिति उपयुक्त है. बयान में कहा गया है, “ तटीय राज्य कर्नाटक, गोवा और दक्षिण महाराष्ट्र में 10 जून तक बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है. इसके मुंबई समेत उत्तर तटीय महाराष्ट्र में बुधवार से पहुंचने की प्रबल संभावना है.’’ 

यह भी पढ़ें:  मुंबई में मॉनसून, नौ और दस जून को 20 सेंटीमीटर तक बारिश की संभावना

बयान में बताया गया है, ‘‘ इन क्षेत्रों के दूरदराज इलाके में इस दौरान बेहद भारी बारिश की संभावना है. इन क्षेत्रों में 12 जून से बारिश में कमी आने की संभावना है.” इस बयान में आठ जून से 12 जून के बीच गोवा और कोंकण के तटीय क्षेत्र में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहने की चेतावनी जारी की गई है. बृहन्मुंबई नगर निगम के एक प्रवक्ता ने बताया कि हम सचेत हैं और एहतियाती कदम उठाए गए हैं.

यह भी पढ़ें: Mumbai Rain: मुंबई में मूसलाधार बारिश के बीच ट्रैफिक कॉन्सटेबल बना हीरो, इस तरह निभाया अपना फर्ज

आईएमडी ने यह भी कहा कि अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरी बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है और अगले 48 घंटे में इसके अवदाब का रूप लेने और बांग्लादेश तट की ओर बढ़ने की संभावना है. मौसम कार्यालय ने कहा कि इसके कारण उत्तर ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में 9-11 जून के बीच बारिश होगी और कुछ स्थानों पर ‘भारी से बहुत भारी वर्षा’ होगी.

VIDEO: मुंबई में भारी बारिश के आसार
बता दें कि दक्षिण पश्चिमी मॉनसून समुद्र से मैदान की ओर बढ़ता है और जून से सितंबर तक भारतीय उपमहाद्वीप में सक्रिय रहता है. इसकी दो शाखाएं हैं- अरब सागर शाखा और बंगाल की खाड़ी शाखा. इनसे समूचे भारत में वर्षा होती है. मौसम विभाग ने यह भी बताया कि मॉनसून मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, गोवा, कर्नाटक, रायलसीमा क्षेत्र और तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण कोंकण के कुछ हिस्सों, दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़, दक्षिण ओडिशा, तेलंगाना और मध्य-पश्चिम और उत्तरी बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ गया है. 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Heavy Rain In Mumbai, Monsoon In Mumbai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com