विज्ञापन
This Article is From Sep 20, 2017

भारी बारिश ने रोकी फिर मुंबई की रफ्तार, स्कूल और कॉलेज आज बंद, समुद्र से दूर रहने की सलाह

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन पर भी बारिश का असर पड़ा है. कई रूटों पर ट्रेनें काफी धीरे चल रही हैं.

भारी बारिश ने रोकी फिर मुंबई की रफ्तार, स्कूल और कॉलेज आज बंद, समुद्र से दूर रहने की सलाह
मुंबई में बारिश का कहर
  • मुंबई में भारी बारिश ने रोकी रफ्तार
  • स्कूल और कॉलेज आज बंद
  • लोकल ट्रेन भी देरी से चल रही हैं
मुंबई: बीते एक महीने में मुंबई दूसरी बार बारिश की मुसीबत झेल रहा है. मुंबई के कई इलाकों में मंगलवार से जोरदार बारिश हो रही है, जिसकी वजह से कुर्ला सहित कई निचले इलाकों में पानी भर गया है. जलजमाव की वजह से मुंबई में ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई है. मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन पर भी बारिश का असर पड़ा है. कई रूटों पर ट्रेनें काफी धीरे चल रही हैं. वेस्टर्न लाइन पर विरार से चर्चगेट तक लोकल चल रही है, लेकिन विरार के आगे रेल सेवा बंद है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भारी बारिश की आशंका जताई है. ऐहतियातन सभी स्कूल-कॉलेजों को आज बंद कर दिया गया है. मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी जारी की गई है.

मुंबई की बारिश को लेकर बिगड़े हालातों पर उद्धव ठाकरे झल्लाए - खुद रोक लो बारिश

मौसम विभाग ने आगे भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई
मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के कई हिस्सों आगे भी बारिश के जारी रहने की आशंका जताई है. इसे देखते हुए शहर के सभी स्कूल और कॉलेज को एहतियातन एक दिन के लिए बंद करने का ऐलान किया गया है. महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े ने यह ऐलान किया.

बारिश में मुंबई की दुर्गति के लिए लोगों ने बीएमसी को ठहराया जिम्मेदार​

एयरपोर्ट पर फिसला विमान, यात्री सुरक्षित
मुंबई में खराब मौसम के चलते शाम को एयरपोर्ट के आसपास दृश्यता घटकर 250 मीटर तक ही रह गई. इस कारण आधे घंटे के लिए विमान सेवाएं रोक दी गईं और कई फ्लाइट्स को दूसरे नजदीकी एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया. हालांकि फिर मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट का एक विमान लैडिंग के वक्त रनवे से फिसल गया, जिसके बाद एक बार फिर एयरपोर्ट पर परिचालन रोक दिया गया.

मुंबई और तटीय कोंकण इलाके में भारी बारिश
मौसम विभाग ने मुंबई और तटीय कोंकण इलाके में भारी बारिश की आशंका जताई है. मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को अलर्ट जारी करते हुए बताया कि दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और बंगाल की खाड़ी के ऊपर हवा के कम दबाव के कारण भारी बारिश की संभावना बन रही है. ऐसे में अगले 48 से 72 घंटों के दौरान मुंबई समेत कोकण इलाके में बहुत तेज बारिश हो सकती है.
बारिश के चलते सड़कों पर जाना हो सकता है दुर्गम
मुंबई के बाहरी इलाके पालघर के एसपी मंजुनाथ सिंघे ने आगे भी भारी बारिश की आशंका देखते हुए नागरिकों के लिए अलर्ट जारी की है. उन्होंने कहा है, भारी बारिश के चलते पालघर के अधिकांश इलाकों में जाना और सड़कों पर निकलना दुर्गम हो सकता है. हम मदद की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं. लोगों से निवेदन है कि वे जलमग्न सड़कों पर निकलने से बचें. जब तक संभव हो सके घर पर ही बने रहें.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai, Rain, Local Train Delayed
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com