भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) को महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना गया है. इससे पहले आज कांग्रेस उम्मीदवार नाना पटोले (Nana Patole) महाराष्ट्र विधानसभा के नए स्पीकर के रूप में निर्विरोध चुने गए. ये तब हुआ जब बीजेपी के किशन कथोरे ने अपना नाम वापस ले लिया. महाराष्ट्र की सभी राजनैतिक पार्टियों की सर्वदलीय बैठक के बाद बीजेपी ने ये फ़ैसला लिया. बीजेपी ने साफ़ किया कि हमने महाराष्ट्र की परंपरा का ध्यान रखा है और हमें इस पद को विवाद में नहीं लाना चाहिए. इसलिए हमने अपने उम्मीदवार का नाम वापस ले लिया है. आपको बता दें कि नाना पटोले का लंबा राजनीतिक करियर रहा है और वे तेज-तर्रार नेता माने जाते हैं.
कौन हैं नाना पटोले, जो चुने गए हैं महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर?
साल 2018 में नाना पटोले (Nana Patole) ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया और फिर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए. बीजेपी छोड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि यहां वो खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रहे थे. नाना पटोले का कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनका सवाल पूछना पसंद नहीं था. बीजेपी से नाता तोड़ने के बाद कांग्रेस में आए नाना पटोले को पार्टी ने 2019 लोकसभा चुनाव में नितिन गडकरी के खिलाफ नागपुर लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा, लेकिन उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा. फिलहाल नाना पटोले सकोली से विधायक हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं