वाराणसी उत्तर प्रदेश का एक प्रसिद्ध शहर है, जिसे भारत के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में गिना जाता है. गंगा नदी के किनारे बसे इस शहर के घाट, मंदिर और आध्यात्मिक माहौल दुनियाभर के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. हिंदू धर्म में वाराणसी को मोक्ष की नगरी माना जाता है, इसलिए यहां हर साल लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. वाराणसी की देव दीपावली सबसे भव्य और मनमोहक उत्सवों में से एक है. कार्तिक महीने में मनाए जाने वाले इस पर्व के दौरान गंगा के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठते हैं. अगर आप वाराणसी की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो देव दीपावली के समय यहां आना आपके अनुभव को और भी यादगार बना सकता है.
देव दीपावली का महत्व
देव दीपावली हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है और इसे अक्सर देवताओं की दीवाली भी कहा जाता है. हिंदू मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने राक्षस त्रिपुरासुर का वध किया था. इस विजय की खुशी में सभी देवी-देवता स्वर्ग से काशी आए और दीप जलाकर उत्सव मनाया था. इसी परंपरा को याद करते हुए आज भी देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी के घाटों पर लाखों दीये जलाए जाते हैं. दीपों की रोशनी से पूरा गंगा तट जगमगा उठता है.
यह भी पढ़ें: IRCTC लाया खास पैकेज! 9 दिन में घूमें वियतनाम और कंबोडिया, जानें किराये समेत जरूरी डिटेल्स
इस साल कब है देव दीपावली?
वाराणसी में देव दीपावली, दिवाली के लगभग 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है. रोशनी के इस पर्व पर शहर के सभी प्रमुख घाट मिट्टी के दीयों से सजाए जाते हैं. दीपों की जगमगाहट के साथ भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक अनुष्ठान पूरे माहौल को भक्तिमय बना देते हैं. इस साल देव दीपावली 24 नवंबर को मनाई जाएगी. आप इस दौरान वाराणसी घूमने की प्लानिंग कर सकते हैं.
वारणसी में देव दीपावली पर क्या होता है खास?
देव दीपावली के दौरान वाराणसी की शाम की गंगा आरती और भी भव्य और आकर्षक हो जाती है. मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठान और हजारों दीपों की रोशनी एक शानदार आध्यात्मिक माहौल बनाती है. इस समय गंगा नदी में नाव की सवारी करना भी एक यादगार अनुभव माना जाता है, क्योंकि नदी से घाटों पर सजे लाखों दीयों का नजारा बेहद मनमोहक दिखाई देता है. आप दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और राजेंद्र प्रसाद घाट जैसे प्रसिद्ध घाटों पर घूम सकते हैं, जहां रोशनी, पूजा-पाठ और उत्सव का माहौल देखने लायक होता है. इसके अलावा, देव दीपावली के अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं.
यह भी पढ़ें: बर्फबारी देखनी है? नवंबर में स्नोफॉल देखने के लिए सबसे बेस्ट ये 3 जगह
यह भी पढ़ें: कॉनराड बेंगलुरु होटल चर्चा में क्यों? जानिए बुकिंग चार्ज, लोकेशन और लग्जरी सुविधाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं