Soft Blocking Meaning: आज के सोशल मीडिया वाले दौर में किसी से जुड़ना और नए रिश्ते बनाना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है. वहीं, किसी व्यक्ति से दूरी बनाना भी अब उतना ही आसान हो चुका है. पहले लोग रिश्ता खत्म करने या दूरी बनाने के लिए सीधे ब्लॉक करने का तरीका अपनाते थे, लेकिन अब एक नया ट्रेंड तेजी से फेमस और वायरल हो रहा है, जिसे 'सॉफ्ट ब्लॉकिंग' (Soft Blocking) कहा जाता है. इसमें बिना किसी बहस या बातचीत के व्यक्ति धीरे-धीरे सामने वाले से दूरी बना लेता है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
क्या होता है सॉफ्ट ब्लॉकिंग? | What is Soft Blocking
सॉफ्ट ब्लॉकिंग में व्यक्ति सामने वाले को पूरी तरह ब्लॉक नहीं करता, बल्कि धीरे-धीरे ऑनलाइन दूरी बनाना शुरू कर देता है. इसमें किसी की स्टोरी म्यूट करना, उसे अपनी पोस्ट न दिखाना, अनफॉलो करना, फॉलोअर्स से हटाना या बातचीत कम कर देना शामिल हो सकता है. साथ ही कई बार लोग किसी को थोड़ी देर के लिए ब्लॉक करके फिर अनब्लॉक भी करते हैं, जिससे दोनों एक-दूसरे की फॉलो लिस्ट से हट जाते हैं. इसे ऐसे भी कहा जा सकता है कि सामने वाले से पूरी तरह रिश्ता खत्म करने की जगह सोशल मीडिया पर दूरी बनाना.

लोगों के बीच क्यों फेमस हो रहा ये तरीका?
सॉफ्ट ब्लॉकिंग के पीछे कई कारण हो सकते हैं. कई बार लोग अपनी जिंदगी में ज्यादा प्राइवेसी चाहते हैं, ब्रेकअप या दोस्ती में हुई लड़ाई-झगड़े के बाद थोड़ा समय और दूरी चाहते हैं, या फिर किसी से अपनी सीमाएं तय करना चाहते हैं. ऐसे में वे सीधे पूरी तरह ब्लॉक करने की जगह सॉफ्ट ब्लॉकिंग का तरीका अपनाते हैं. देखा जाए तो ये तरीका पॉजिटिव भी हो सकता है. इसका सहारा मुश्किल बातचीत से बचने या फिर सामने वाले का रिएक्शन जानने के लिए किया जा सकता है. हालांकि, ये तरीका रिश्तों में गलतफहमियां भी पैदा कर सकता है.
सामने वाले पर पड़ सकता है गहरा असर
इस ट्रेंड का नाम 'सॉफ्ट ब्लॉकिंग' जरूर है लेकिन सामने वाले व्यक्ति पर यह गहरा प्रभाव भी डाल सकता है. दरअसल, जब किसी को पता लगता है कि उसके करीबी व्यक्ति ने उसे सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर लिया है या फिर बातचीत कम हो गई है तो मन में कई तरह के सवाल उठ सकते हैं. इससे व्यक्ति अपने बारे में काफी नकारात्मक भी सोच सकता है.
सॉफ्ट ब्लॉक करना कितना सही?
अगर किसी व्यक्ति को अपने जीवन में प्राइवेसी या मानसिक शांति चाहिए, तो सॉफ्ट ब्लॉकिंग काफी कारगर माना जा सकता है. लेकिन वहीं, अगर कोई यह तरीका किसी को परेशान करने के लिए इस्तेमाल कर रहा है तो ये काफी गलत हो सकता है. खासकर करीबी रिश्तों में यह गलतफहमियां पैदा कर सकता है.
यह भी पढ़ें: ब्रेकअप के तुरंत बाद क्या नहीं करना चाहिए? ये 5 गलतियां आपको और परेशान कर सकती हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं