विज्ञापन

बीज से कमल का फूल कैसे उगाएं? जानिए घर पर कमल का फूल उगाने का आसान तरीका

घर पर बीज से कमल उगाना बहुत ही ज्यादा आसान है. इसके लिए आपको सही देखभाल की जरूरत होगी. आइए जानते हैं बीज से घर पर कमल उगाने का एकदम सही तरीका.

बीज से कमल का फूल कैसे उगाएं? जानिए घर पर कमल का फूल उगाने का आसान तरीका
घर पर बीज से कमल कैसे उगाएं?
Photo Credit: NDTV

Kamal ke Beej se Kamal Kaise Ugaye: कमल का फूल न सिर्फ खूबसूरत दिखता है, बल्कि इसे वास्तु और धार्मिक नजरिए से भी बेहद शुभ माना जाता है. ऐसे में कई इस पौधे को कई लोग अपने घर में उगाना चाहते हैं. हालांकि, अधिकतर लोगों को ये पता नहीं होता कि कमल के बीज से पौधा कैसे तैयार किया जाए. अगर आप भी घर पर बीज से कमल उगाना चाहते हैं, तो ये खबर आपके लिए ही है. आज हम आपको घर पर कमल उगाने का सही तरीका बताने जा रहे हैं. इसकी जानकारी Gardening Is My Passion नाम के यूट्यूब चैनल से दी गई है.

सबसे पहले चुनें अच्छे बीज

वीडियो में बताया गया है कि कमल उगाने के लिए अच्छी क्वालिटी वाले बीज चुनना जरूरी है. एक बार खरीदे गए बीज कई सालों तक सुरक्षित रखे जा सकते हैं. बीज का बाहरी कवर काफी हार्ड होता है, इसलिए अंकुरण से पहले इसकी खास तैयारी करनी पड़ती है.

बीज को सैंडपेपर से घिसें

कमल के बीज के एक सिरे पर हल्का नुकीला भाग होता है. इसी हिस्से को सैंडपेपर की मदद से धीरे-धीरे घिसें. घिसते समय ध्यान रखें कि बीज का अंदरूनी सफेद भाग हल्का दिखाई देने लगे. इससे पानी बीज के अंदर पहुंच पाएगा और अंकुरण की प्रक्रिया शुरू होगी. साथ ही अगर नुकीला सिरा समझ में न आए तो बीज के किनारे वाले हिस्से को भी हल्का घिस सकते हैं.

पानी में डालकर करें अंकुरित

घिसे हुए बीजों को एक साफ बर्तन में पानी भरकर डाल दें. लगभग 3 से 4 दिनों के अंदर बीज अंकुरित होने लगेंगे. इस दौरान रोजाना पानी बदलना जरूरी है, क्योंकि स्थिर पानी में फंगस या बैक्टीरिया विकसित हो सकते हैं. 

मिट्टी का सही मिश्रण तैयार करें

जब बीज अंकुरित हो जाएं, तब उन्हें लगाने के लिए मिट्टी तैयार करें. इसके लिए आप साधारण बगीचे की मिट्टी लें. फिर उसमें गोबर की खाद या कम्पोस्ट मिलाएं. साथ ही अगर तालाब की मिट्टी मिल जाए तो उसका इस्तेमाल करना और भी बेहतर रहेगा. फिर मिश्रण को गाढ़े पेस्ट जैसी अवस्था में तैयार करें. 

यह भी पढ़ें: घर पर केसर कैसे उगाएं? कंटेनर और गमले में केसर लगाने का आसान तरीका

अब बड़े गमले में लगाएं पौधा

कमल का पौधा हमेशा गहरे और चौड़े गमले में लगाना चाहिए. तैयार मिट्टी को गमले में भरें और अंकुरित बीजों को उसमें सावधानी से लगा दें. इसके बाद गमले में पर्याप्त पानी भर दें. ध्यान रखें कि पानी की गहराई कम से कम 6 से 7 इंच होनी चाहिए. गमले को ऐसी जगह रखें जहां भरपूर धूप आती हो. 

कब आएंगे पत्ते और फूल?

अंकुरित बीज लगाने के कुछ दिनों बाद छोटे-छोटे पत्ते निकलने लगते हैं. आप देखेंगे कि धीरे-धीरे ये पत्ते पानी की सतह पर फैल जाएंगे. कमल के फूल आने में आमतौर पर 3 से 4 महीने का समय लग सकता है. वहीं, अगर बीज सर्दियों के अंत या शुरुआती गर्मी में लगाए जाएं तो अप्रैल-मई तक फूल खिलना शुरू हो सकते हैं और कई महीनों तक खिलते रहते हैं. 

फंगस से बचाव के लिए करें यह काम

कमल के पौधे में फंगस की समस्या हो सकती है. ऐसे में समय-समय पर फंगीसाइड को यूज करना फायदेमंद रहता है. साथ ही पानी को साफ रखने और पौधे को पर्याप्त धूप देने का भी ध्यान रखें. 

यह भी पढ़ें: चावल के आटे का साबुन कैसे बनाएं? रोज नहाने के लिए घर पर साबुन बनाने का आसान तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News, Gardening Hacks, Lotus
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com