छोटे बच्चों के नाखून बहुत जल्दी बढ़ते हैं. अब, कई पेरेंट्स सोचते हैं कि बच्चा अभी खुद से खाना नहीं खाता है, इसलिए उसके नाखून काटने की जरूरत नहीं है. लेकिन ऐसा करना बच्चे को नुकसान पहुंचा सकता है. पीडियाट्रिशियन किरण मौरे ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में वे बताते हैं, बच्चे बार-बार अपने हाथ मुंह में डालते हैं. ऐसे में लंबे नाखूनों के नीचे जमा गंदगी और कीटाणु सीधे बच्चे के मुंह में जा सकते हैं. इससे बच्चे की सेहत बिगड़ सकती है. इसके अलावा लंबे नाखूनों से बच्चे के चेहरे पर खरोंच भी लग सकती है. इसलिए हर थोड़े समय में बच्चे के नाखून काटना बेहद जरूरी है. एक्सपर्ट ने इसका सही तरीका भी बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
कब काटें बच्चे के नाखून?
पीडियाट्रिशियन बताते हैं, कभी भी ऐसे समय पर नाखून नहीं काटने चाहिए जब बच्चा चिड़चिड़ा हो या रो रहा हो. इससे अलग बच्चे को दूध पिलाने के बाद जब वह शांत हो जाए, तब नाखून काटें. बच्चा जितना शांत रहेगा, उसके हाथ-पैर को संभालना उतना ही आसान होगा.
बच्चे के नाखून काटने का सही तरीका क्या है?इस सवाल को लेकर एक्सपर्ट कहते हैं,
- सबसे पहले बच्चे की उंगली को आराम से पकड़ें. नाखून के नीचे की त्वचा को हल्के से पीछे करें, ताकि नाखून और स्किन अलग दिखाई दे.
- इसके बाद बेबी नेल क्लिपर की मदद से केवल नाखून के सफेद हिस्से को काटें.
- नाखून को बहुत छोटा करने की कोशिश न करें. इससे बच्चे की उंगली में चोट लग सकती है.
- नाखून काटने के बाद उंगली को ध्यान से देखें. अगर कहीं से नाखून नुकीला लगे, तो उसे सावधानी से ठीक करें, ताकि बच्चा खुद को चेहरे पर खरोंच न लगा सके.
पीडियाट्रिशियन कहते हैं, सुनने में ये काम बहुत आसान लग सकता है लेकिन बच्चे के नाखून काटते वक्त बहुत ज्यादा सावधानी बरतना जरूरी होता है. बच्चा बार-बार हाथ खींच सकता है. ऐसे में पेरेंट्स को घबराने या जल्दी करने की जरूरत नहीं है. बच्चे को शांत रखें और धीरे-धीरे नाखून काटें. अगर बच्चा बहुत ज्यादा हिल रहा है या रो रहा है तो कुछ देर रुककर बाद में कोशिश करना बेहतर है.
यह भी पढ़ें- बच्चा दवाई पीने में करता है आनाकानी? एक्सपर्ट ने बताया सही तरीका, बिना रोए दवा लेगा बच्चा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं