विज्ञापन

रिश्ते में नहीं मिल रही अहमियत, क्या आपका पार्टनर आपको हल्के में लेने लगा है? इन 5 संकेतों से करें पहचान

किसी रिश्ते में हल्के में लिया जाना अचानक नहीं होता. यह किसी बड़े झगड़े या रिश्ते टूटने की तरह सामने नहीं आता, बल्कि यह धीरे-धीरे शुरू होता है. चलिए आपको बताते हैं वह संकेत, जो बता सकते हैं कि आपका पार्टनर आपको हल्के में लेने लगा है.

रिश्ते में नहीं मिल रही अहमियत, क्या आपका पार्टनर आपको हल्के में लेने लगा है? इन 5 संकेतों से करें पहचान
रिलेशनशिप टिप्स

जब एक रिश्ते में आपको अहमियत मिलना बंद हो जाती है, तो मानसिक और भावनात्मक रूप से काफी ठेस पहुंचती है. कई बार प्यार में होने के कारण हम सामने वाले की गलतियों को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन धीरे-धीरे पार्टनर आपको हल्के में लेना शुरू कर देता है. आप दोनों साथ हैं, बातें भी होती हैं, आई लव यू भी कहते हैं, लेकिन फिर भी कहीं न कहीं ऐसा लगता है कि आपकी अहमियत पहले जैसी नहीं रही. सब कुछ ठीक दिखता है, पर दिल के किसी कोने में अनदेखा किए जाने का एहसास बढ़ने लगता है.

किसी रिश्ते में हल्के में लिया जाना अचानक नहीं होता. यह किसी बड़े झगड़े या रिश्ते टूटने की तरह सामने नहीं आता, बल्कि यह धीरे-धीरे शुरू होता है, कभी व्यस्तता के बहाने, कभी बढ़ते आराम के कारण और कभी यह सोचकर कि अब तो रिश्ता पुराना हो गया है. अक्सर, जब तक हम इस बदलाव को पहचानते हैं, तब तक काफी समय बीत चुका होता है. ऐसे जरूरी है कि कुछ छोटे-छोटे संकेतों पर समय रहते ध्यान दिया जाए. चलिए आपको बताते हैं वह संकेत, जो बता सकते हैं कि आपका पार्टनर आपको हल्के में लेने लगा है.

जब आपके प्रयास नजरअंदाज होने लगे

कभी-कभी थैंक यू कहना भूल जाना और हर दिन आपके प्रयासों को नॉर्मल समझ लेना, दोनों अलग बातें हैं. अगर आप घर के काम संभालते हैं, जरूरी चीजें याद रखते हैं, बच्चों से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाते हैं या रिश्ते को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन पार्टनर उस मेहनत को नोटिस ही नहीं करता, तो यह एक संकेत हो सकता है कि आपको हल्के में लिया जा रहा है. बात हर समय तारीफ पाने की नहीं है. असल में हर व्यक्ति चाहता है कि उसका पार्टनर उसके प्रयासों और भावनाओं को समझें और उनकी कद्र करे. जब आपकी मेहनत दिखाई देना बंद हो जाए, तो रिश्ते में दूरी महसूस होने लगती है.

खुद से फैसले लेना

कभी वीकेंड ट्रिप की योजना बन जाती है, कभी डिनर का प्लान तय हो जाता है, तो कभी कोई बड़ा फैसला ले लिया जाता है और आपको बाद में इसकी जानकारी मिलती है. धीरे-धीरे ऐसा लगने लगता है कि आपकी बात अहमियत पहले जैसी नहीं रही. अक्सर ऐसा जानबूझकर नहीं होता. कई बार पार्टनर यह मान लेता है कि आप हर फैसले से सहमत ही होंगे, इसलिए वह आपकी पसंद या इच्छा जानने की जरूरत महसूस नहीं करता, लेकिन कोई भी रिश्ता सिर्फ अंदाजों पर नहीं, बल्कि बातचीत और आपसी समझ पर टिका होता है.

बातचीत की शुरुआत हमेशा खुद ही करना

एक हेल्दी रिश्ता तभी मजबूत रहता है, जब दोनों लोग उसे बराबरी से आगे बढ़ाने की कोशिश करें. अगर एक व्यक्ति ही लगातार प्रयास करता रहे और दूसरा सिर्फ साथ चलता रहे, तो धीरे-धीरे थकान और निराशा बढ़ने लगती है. अगर हर बार बात शुरू करने, साथ समय बिताने का प्लान बनाने या रिश्ते से जुड़ी बातें करने की जिम्मेदारी सिर्फ आपकी ही है, तो यह एक संकेत हो सकता है कि रिश्ते का भावनात्मक बोझ आप अकेले उठा रहे हैं.

आपकी भावनाओं को नजरअंदाज करना

जब आप किसी ऐसी बात का जिक्र करते हैं, जिसने आपको दुख पहुंचाया हो, तो क्या आपका पार्टनर आपकी बात सुनता है या फिर वह कह देता है कि आप जरूरत से ज्यादा सोच रहे हैं या कुछ ही मिनटों में टॉपिक बदल देता है. बार-बार ऐसा होने पर व्यक्ति अपनी भावनाएं शेयर करना ही बंद कर देता है. यह खामोशी शांति की निशानी नहीं होती. कई बार यह इस बात का संकेत होती है कि व्यक्ति भीतर ही भीतर हार मानने लगा है, जो किसी भी रिश्ते के लिए चिंताजनक हो सकता है.

सबके लिए समय है, लेकिन आपके लिए नहीं

आपका पार्टनर दोस्तों, सहकर्मियों या दूसरे लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहता है. किसी दोस्त को जरूरत हो तो तुरंत पहुंच जाता है, लेकिन जब आपको थोड़ी बातचीत या साथ की जरूरत हो, तो उसके पास समय नहीं होता. अगर आपको लगने लगे कि पहले की तुलना में आपकी अहमियत कम हो गई है, तो यह रिश्ते में बढ़ती दूरी का एक संकेत हो सकता है.

यह भी पढ़ें:- टीनएजर्स माता-पिता की बात क्यों नहीं मानते, वे असल में क्या चाहते हैं, रिसर्च से जानिए पेरेंट्स क्या करें

यह भी पढ़ें:- ब्रेकअप के तुरंत बाद क्या नहीं करना चाहिए? ये 5 गलतियां आपको और परेशान कर सकती हैं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Relationship Tips, Relationship
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com