विज्ञापन

Relationship Tips: नए रिश्ते में जल्दबाजी पड़ सकती है भारी, पहले पहचानें ये 5 Red Flags, तभी बनेगा रिश्ता मजबूत

रिश्ते की शुरुआत में कई बार हम छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं. जैसे, सामने वाला दो-तीन बार मिलने का प्लान कैंसिल कर दे, कई दिनों तक कोई संपर्क न करें और फिर अचानक सामान्य तरीके से बात करने लगे या फिर कोई ऐसी बात कह दे जो आपको ठीक न लगे.

Relationship Tips: नए रिश्ते में जल्दबाजी पड़ सकती है भारी, पहले पहचानें ये 5 Red Flags, तभी बनेगा रिश्ता मजबूत
रिलेशनशिप टिप्स
file photo

किसी नए व्यक्ति को जानने और उसके साथ समय बिताने की शुरुआत अक्सर बहुत सुंदर और रोमांचक होती है. उनके मैसेज का इंतजार करना, हुई बातों को बार-बार याद करना और यह सोचते रहना कि सामने वाला आपको पसंद करता है या नहीं, बिल्कुल सामान्य है, लेकिन इस उत्साह में हम अक्सर एक जरूरी सवाल पूछना भूल जाते हैं, क्या मैं इस व्यक्ति के साथ खुद को अच्छा और सहज महसूस करता हूं. रिश्ते की शुरुआत में कई बार हम छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं. जैसे, सामने वाला दो-तीन बार मिलने का प्लान कैंसिल कर दे, कई दिनों तक कोई संपर्क न करें और फिर अचानक सामान्य तरीके से बात करने लगे या फिर कोई ऐसी बात कह दे जो आपको ठीक न लगे. बेशक, किसी एक घटना के आधार पर किसी व्यक्ति को पूरी तरह नहीं समझा जा सकता, लेकिन जब ऐसी बातें बार-बार होने लगें, तो उन्हें नजरअंदाज करने के बजाय ध्यान से समझना जरूरी होता है. अगर आप किसी को डेट कर रहे हैं या रिश्ते की शुरुआत कर रहे हैं, तो भावनात्मक रूप से ज्यादा जुड़ने से पहले इन 5 बातों पर जरूर ध्यान करें.

दिलचस्पी समझने की जरूरत

डेटिंग की शुरुआत में हर चीज तुरंत स्पष्ट हो जाए, ऐसा जरूरी नहीं है. दो-चार मुलाकातों के बाद भी यह न पता हो कि सामने वाला क्या चाहता है, तो यह बिल्कुल सामान्य बात है, लेकिन धीरे-धीरे आगे बढ़ने और आपको लगातार उलझन में रखने में फर्क होता है. अगर सामने वाला एक दिन बहुत प्यार से बात करे और अगले दिन बिल्कुल दूरी बना ले, आपको पसंद करने की बात करे, लेकिन रिश्ते को लेकर कभी साफ बात न करे या हमेशा आपको यह सोचने पर मजबूर रखे कि यह रिश्ता आगे बढ़ेगा भी या नहीं, तो इस पर ध्यान दें.

वह आपकी छोटी-छोटी चीजों का सम्मान नहीं करता

किसी व्यक्ति के बारे में जानने के लिए किसी बड़े झगड़े का इंतजार करने की जरूरत नहीं होती. उसकी छोटी-छोटी बातों पर भी ध्यान दें. अगर, आप कहते हैं कि अभी किसी निजी बात को शेयर करने में सहज महसूस नहीं कर रहे हैं और वह बार-बार पूछता रहता है या आप व्यस्त होने की बात बताते हैं, लेकिन वह जवाब न देने पर आपको गिल्टी महसूस करवाता है या आप किसी बात के लिए साफ मना कर देते हैं और फिर भी वह आपको मनाने की कोशिश करता रहता है, तो इसे नजरअंदाज न करें. रिश्ते की शुरुआती में ही यह समझना आसान होता है कि सामने वाला आपकी सीमाओं का कितना सम्मान करता है.

गलतियों को नजरअंदाज करना

जब हम किसी को पसंद करते हैं, तो उसकी गलतियों को नजरअंदाज करना बहुत आसान हो जाता है. अगर आपको हर समय उनके व्यवहार को सही साबित करने की कोशिश करनी पड़ रही है, तो थोड़ा रुककर सोचने की जरूरत है. किसी को पसंद करने पर हम अक्सर उसकी अच्छाइयों और संभावनाओं पर ज्यादा ध्यान देते हैं, जबकि सामने हो रही वास्तविक बातों को नजरअंदाज कर देते हैं. हर छोटी गलती को रिश्ता खत्म करने की वजह बनाना जरूरी नहीं है, लेकिन रिश्ते की शुरुआत में ही किसी का वकील बनकर उसकी हर बात का बचाव करना भी सही नहीं है.

ज्यादा दिलचस्पी दिखाने वाले न लगें

अच्छा प्रभाव छोड़ने की कोशिश करना और हर समय खुद को बदलकर पेश करना दोनों अलग बातें हैं. शायद आप हर मैसेज भेजने से पहले कई बार पढ़ते हैं. आपको डर रहता है कि कहीं आप ज्यादा दिलचस्पी दिखाने वाले न लगें. कभी-कभी आप उनकी पसंद की चीजें पसंद होने का दिखावा करते हैं या अपनी जिंदगी की कुछ बातें इसलिए नहीं बताते क्योंकि आपको लगता है कि वे आपको जज करेंगे. अगर धीरे-धीरे डेटिंग किसी इंटरव्यू या परीक्षा जैसी लगने लगे, तो इस पर ध्यान देना चाहिए.

रिश्ता आपके अंदर कैसी भावनाएं पैदा कर रहा है

सिर्फ यह मत देखें कि उनका नाम फोन पर देखकर आपको कितनी खुशी होती है. यह भी सोचें कि उनसे बात करने के बाद आप कैसा महसूस करते हैं. क्या आपको लगता है कि आपकी बात सुनी और समझी जाती है. क्या आप उनके साथ सहज और सम्मानित महसूस करते हैं या फिर ज्यादातर बातचीत के बाद आप अपनी कही बातों के बारे में जरूरत से ज्यादा सोचने लगते हैं, अपने लुक्स या व्यक्तित्व पर शक करने लगते हैं, खुद की तुलना दूसरों से करने लगते हैं या यह सोचते हैं कि आप काफी अच्छे हैं या नहीं. रिश्ते की शुरुआती अवस्था सिर्फ यह जानने के लिए नहीं होती कि सामने वाला आपको पसंद करता है या नहीं. यह समझने का भी समय होता है कि वह रिश्ता आपके अंदर कैसी भावनाएं पैदा कर रहा है.

यह भी पढ़ें:- क्या आपका बच्चा पैसे की कीमत समझता है? अपने बच्चे को 5 साल की उम्र से सिखाएं ये 3 आसान Money Lessons

यह भी पढ़ें:- Parents से हर समय बहस होती रहती है? टीनएजर इन 5 आसान तरीकों से अपने रिश्ते को बना सकते हैं बेहतर 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dating, Relationship
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com