विज्ञापन

प्याज का छिलका, चावल का पानी, छाछ का पानी...किचन की इन 5 चीजों को कूड़ा समझकर फेंके नहीं, ऐसे करें इस्तेमाल

प्याज का छिलका, चावल का पानी, छाछ का पानी, केले का छिलका और इस्तेमाल की हुई चायपत्ती. ये पांच चीजें आमतौर पर किचन का कचरा समझकर फेंक दी जाती हैं, जबकि ये चीजें आपके बड़े काम की साबित हो सकती हैं. आइए जानते हैं कैसे-

प्याज का छिलका, चावल का पानी, छाछ का पानी...किचन की इन 5 चीजों को कूड़ा समझकर फेंके नहीं, ऐसे करें इस्तेमाल
किचन की इन 5 चीजों को कूड़ा समझकर फेंके नहीं
(Photo Credit: NDTV)

भारत में ज्यादातर घरों में लगभग रोज ही चावल बनाए जाते हैं. चावल बनाने से पहले हम इन्हें धोते हैं और इस पानी को फेंक देते हैं. खाने में प्याज का इस्तेमाल भी लगभग रोज ही होता है. हम प्याज छीलते हैं और इनके छिलकों को फेंक देते हैं. इसी तरह अगर छाछ खट्टी हो जाए, तो हम उसे भी फेंक देते हैं. केला खाकर हम इसके छिलके फेंक देते हैं और चाय बनाकर इस्तेमाल की हुई चाय की पत्ती को भी कूड़ेदान में डाल देते हैं. यानी ये पांच चीजें आमतौर पर किचन का कचरा समझकर फेंक दी जाती हैं, जबकि ये चीजें आपके बड़े काम की साबित हो सकती हैं. अगर आपके घर में पौधे हैं, तो आप इन चीजों से अपने पौधों के लिए खाद तैयार कर सकते हैं. इससे आपको बाजार से बार-बार खाद और फर्टिलाइजर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आइए जानते हैं कैसे करें इनका इस्तेमाल- 

नंबर 1- चावल का पानी

चावल धोने के बाद आप बचे हुए पानी को फेंकने के बजाय मनी प्लांट में इस्तेमाल कर सकते हैं. इस पानी में चावल से निकले कुछ पोषक तत्व रहते हैं, जो पौधों के लिए बेहद फायदेमंद हो सकते हैं. बस ध्यान रखें कि पानी ताजा हो और उसमें नमक, तेल या मसाला न मिला हो.

नंबर 2- छाछ का पानी 

छाछ को भी पौधों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर छाछ खट्टी हो गई है, तो इसे फेंकने की बजाय बराबर मात्रा में पानी में मिला लें. अब, आप इसे कड़ी पत्ते के पौधे में डाल सकते हैं. छाछ में मौजूद पोषक तत्व पौधे की बेहतर ग्रोथ में मदद कर सकते हैं. बस ध्यान रखें कि आपको छाछ को सीधे पौधे में नहीं डालना है. इससे पौधे में गंध बढ़ सकती है या फंगस लग सकता है. इसलिए इसमें पानी जरूर मिलाएं और पतला करके पौधे की मिट्टी में डालें.

यह भी देखें-

नंबर 3- प्याज का छिलका

प्याज छीलने के बाद बचे हुए छिलकों को पानी में भिगोकर रखें. आप इस पानी को भी पौधों की मिट्टी में डाल सकते हैं. इसे कई तरह के पौधों में इस्तेमाल किया जा सकता है. प्याज का खाद पौधों की ग्रोथ के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. बस ध्यान रखें की छिलकों पर फंगस न लगा हो. इससे पौधे में भी फंगस लग सकता है. 

नंबर 4- चाय की पत्ती 

चाय बनाने के बाद बची पत्ती को अच्छी तरह धो लें. आपको इसे तब तक धोना है, जब तक पानी साफ न निकलने लगे. ऐसा करने से पत्ती में बची चीनी, दूध और चाय में डाली गई दूसरी चीजें जैसे अदरक आदि निकल जाएंगे. इसके बाद इसे पूरी तरह सुखा लें. अब, आप इसे अपने पौधों में खाद की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. खासकर अगर आपके घर में गुलाब का पौधा है, तो आप उसमें इस खाद को डाल सकते हैं. इससे पौधे में भर-भरकर फूल आ सकते हैं.

नंबर 5- केले का छिलका 

इन सब से अलग आप केले के छिलकों से भी अपने पौधों के लिए कमाल का खाद बना सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले केले के छिलके को सुखाएं. पूरी तरह सूख जाने के बाद सूखे छिलकों का पाउडर बनाएं. बस इतना करते ही आपका नेचुरल खाद बनकर तैयार हो जाएगा. तैयार पाउडर को आप किसी सूखे और एयरटाइट डिब्बे में रख सकते हैं. 

इस तरह रसोई की इन 5 चीजों को सीधे कूड़े में डालने की जगह आप इनसे अपने पौधों के लिए नेचुरल खाद बनाकर इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे आपके पैसे भी बचेंगे और आपके पौधे भी हरे-भरे रहेंगे.

यह भी पढ़ें- पुदीने के पौधे को घना कैसे बनाएं? गार्डिंग एक्सपर्ट ने बताया क्या डालने से पुदीने का पौधा तेजी से बढ़ेगा 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com