आजकल हेयर फॉल, डैंड्रफ, रूखे और बेजान बाल जैसी समस्याएं बहुत आम हो गई हैं. ऐसे में कई लोग घरेलू नुस्खों का सहारा लेते हैं. इन्हीं नुस्खों में से एक है प्याज का रस. प्याज खाने में तो स्वाद जोड़ने का काम करता ही है, साथ ही इसे बालों के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. लेकिन क्या वाकई ऐसा है? क्या वाकई बालों में प्याज का रस लगाने से कोई फायदा मिलता है? आइए जानते हैं इसे लेकर रिसर्च क्या कहती हैं-
बालों में प्याज का रस लगाने के फायदे
हेल्थलाइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्याज में ऐसे कई गुण पाए जाते हैं जो बालों और स्कैल्प की देखभाल में मदद कर सकते हैं. इससे आपको एक साथ कई फायदे मिल सकते हैं. जैसे-
बालों की ग्रोथ बढ़ाने में कर सकता है मददहेल्थलाइन के अनुसार, प्याज में ऐसे तत्व होते हैं जो बालों की जड़ों को पोषण देने में मदद कर सकते हैं. साल 2018 में Journal of Drug Delivery and Therapeutics में प्रकाशित एक रिसर्च में यह जानने की कोशिश की गई कि क्या प्याज बालों की ग्रोथ बढ़ाने में मदद कर सकता है. इस रिसर्च के लिए वैज्ञानिकों ने सबसे पहले 100 ग्राम ताजा प्याज लिया. इसके बाद प्याज को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा गया और फूड प्रोसेसर की मदद से अच्छी तरह पीस लिया गया. फिर एक मलमल के कपड़े (Muslin Cloth) से इसे छानकर प्याज का रस यानी एक्सट्रैक्ट निकाला गया.
इसके बाद इस प्याज के एक्सट्रैक्ट की 1 से 3 मिलीलीटर मात्रा को एक नेचुरल शैंपू में मिलाया गया. इस शैंपू में पहले से नारियल तेल, अरंडी का तेल, नीलगिरी (यूकेलिप्टस) का तेल और सफाई करने वाले दूसरे तत्व मौजूद थे. रिसर्च के दौरान इस शैंपू को 5 मिनट तक स्कैल्प पर लगाकर रखा गया. इससे स्कैल्प यानी सिर की त्वचा में किसी तरह की जलन या नुकसान नहीं हुआ.
रिसर्च के अनुसार, प्याज के अर्क वाला शैंपू बालों की जड़ों को बेहतर पोषण देने में मदद करता है. इससे बाल और ड्राई स्कैल्प को नमी मिल सकती है. इतना ही नहीं, रिसर्च में यह भी देखा गया कि यह मिश्रण बालों की ग्रोथ बढ़ाने में भी मददगार हो सकता है.
हालांकि, क्योंकि रिसर्च में प्याज के अर्क को दूसरे प्राकृतिक तेलों के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया गया था. इसलिए इसके फायदे सिर्फ प्याज की वजह से थे या पूरे मिश्रण की वजह से, यह साफ तौर पर नहीं कहा जा सकता.
डैंड्रफ और खुजली में भी मिल सकता है फायदारिपोर्ट में आगे बताया गया है कि प्याज के रस में एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण पाए जाते हैं. ऐसे में इसे सिर पर लगाने से स्कैल्प पर मौजूद फंगस और बैक्टीरिया को कुछ हद तक कम करने में मदद मिल सकती है. इससे डैंड्रफ और खुजली की परेशानी में राहत मिल सकती है. बेहतर असर के लिए आप इसे एलोवेरा जेल, शहद या नारियल तेल के साथ मिलाकर भी लगा सकते हैं.
सूखे और बेजान बालों के लिए भी फायदेमंदअगर आपके बाल बहुत ड्राई, कमजोर या बेजान हो गए हैं, तो प्याज का रस मदद कर सकता है. इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रोपर्टीज पाई जाती हैं, जो स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने में मदद करते हैं. इससे बालों की जड़ों को पोषण मिल सकता है और बाल पहले से ज्यादा हेल्दी दिख सकते हैं.
हेयर फॉल पर क्या कहती है रिसर्च?साल 2014 में प्रकाशित एक दूसरी रिसर्च में 38 लोगों पर अध्ययन किया गया. इसमें देखा गया कि क्या प्याज का रस एलोपीसिया (Alopecia Areata) में भी असर दिखा सकता है. एलोपीसिया में सिर के अलग-अलग हिस्सों से बाल झड़ने लगते हैं. रिसर्च में एक ग्रुप को 6 हफ्तों तक दिन में दो बार सिर पर प्याज का रस लगाने के लिए कहा गया, जबकि दूसरे ग्रुप ने प्याज के रस का इस्तेमाल नहीं किया.
6 हफ्ते बाद नतीजों में पाया गया कि प्याज का रस लगाने वाले करीब 86.9 प्रतिशत लोगों में नए बाल उगने के साइन दिखाई दिए, जबकि दूसरे ग्रुप में यह आंकड़ा करीब 13 प्रतिशत था. शोधकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि एलोपीसिया एरियाटा के कुछ मरीजों में प्याज का रस फायदेमंद हो सकता है. हालांकि, इस नतीजे की पुष्टि के लिए भी और बड़े स्तर की रिसर्च की जरूरत है.
कितनी देर तक लगाना चाहिए?अगर आप प्याज का रस सीधे बालों और स्कैल्प पर लगा रहे हैं, तो 30 मिनट तक लगाकर रखना काफी है. इसके बाद किसी माइल्ड शैंपू से बाल धो लें. अगर आपकी स्किन या स्कैल्प बहुत सेंसिटिव है, तो पहले पैच टेस्ट जरूर करें, साथ ही कभी भी बालों में रातभर प्याज का रस लगाकर नहीं छोड़ें.
यह भी पढ़ें- Hair Spa से क्या सच में बालों को फायदा होता है? Katrina Kaif के हेयर स्टाइलिस्ट ने बताया बताया पूरा सच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं