हाल ही में फिल्म KD:The Devil के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' में नजर आने के बाद Nora Fatehi काफी सुर्खियों में थीं. इस गाने के बोलों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी विरोध भी हुआ था और कई लोगों ने इसे अश्लील बताया था. इसी बीच नोरा हाल ही में यूट्यूबर और टीवी होस्ट Lilly Singh के पॉडकास्ट में पहुंचीं. यहां नोरा ने न सिर्फ अपनी सिंगल मदर द्वारा पाले जाने की बात की, बल्कि अपने abandonment issues और पुरुषों के साथ रिश्तों पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि पहले वह प्रेरणा के लिए Shakira, Jennifer Lopez और दूसरी बड़ी सेलेब्स को देखती थीं, लेकिन अब पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें लगता है कि उनकी मां भी उतनी ही प्रेरणादायक थीं.
नोरा ने कहा, “शायद उन्होंने मुझे चुपचाप इंस्पायर किया. वो एक सिंगल मदर थीं, जो लगातार मेहनत कर रही थीं, कई-कई नौकरियां कर रही थीं और मुझे और मेरे भाई को पाल रही थीं. उनकी खुद की जिंदगी भी बहुत मुश्किल रही, लेकिन फिर भी उन्होंने मुझे और मेरे भाई को सबसे अच्छे तरीके से बड़ा किया.” उन्होंने आगे कहा कि हम में से ज्यादातर लोग अक्सर सेलिब्रिटीज या बड़े लोगों को श्रेय देते हैं, लेकिन असली प्रेरणा अक्सर हमारे आसपास के लोगों से ही मिलती है.
नोरा फतेही ने अपने “डैडी इश्यूज” पर बात की

नोरा ने बताया कि सिंगल मदर के साथ बड़े होने का उनके पुरुषों के साथ रिश्तों पर भी असर पड़ा है. नोरा ने कहा, “मुझे डैडी इश्यूज हैं.” उन्होंने कहा, “मैं सभी ब्राउन फैमिलीज की बात कर रही हूं, लेकिन उन्हें हमें समझाना बहुत मुश्किल होता है. उन्हें यह समझाना मुश्किल होता है कि हम अलग पीढ़ी के हैं, हमारे लक्ष्य अलग हैं, हम चीजें अलग तरीके से करना चाहते हैं और हमारी सोच भी अलग है.” नोरा ने कहा कि अक्सर कंजर्वेटिव परिवार, खासकर जो इमिग्रेंट होते हैं, इस बात का विरोध करते हैं. उन्होंने कहा, “मेरे सभी दोस्तों को यह समस्या है, सिर्फ मुझे नहीं, सिर्फ तुम्हें नहीं.”
उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें स्कूल और बाहर की दुनिया में जो सीखने को मिलता था, वह घर के माहौल से बिल्कुल अलग था. “जब आप खुद को समझने की कोशिश कर रहे होते हैं, तब यह मानसिक रूप से आपको बहुत परेशान कर सकता है.” नोरा ने आगे कहा कि जब कोई इंसान खुद को समझना शुरू करता है, तो उसे यह डर सताने लगता है कि परिवार क्या सोचेगा, क्या कहेगा और उसके साथ कैसा व्यवहार करेगा.
रिश्तों में असुरक्षा पर भी बोलीं नोरा

नोरा ने कहा कि जब उन्होंने अपनी मां को अकेले सब कुछ संभालते देखा, यहां तक कि अपने दोनों बच्चों की परवरिश भी, तो उनके मन में अपने पिता के लिए नाराजगी पैदा हो गई. उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता का तलाक हो गया था और मेरे पिता बहुत लंबे समय तक हमारी जिंदगी से गायब रहे.” उन्होंने कहा कि खासकर एक लड़की, जो ऐसे माहौल में बड़ी होती है, उसके मन में पुरुषों और महिलाओं के साथ उनके व्यवहार को लेकर गुस्सा पैदा हो सकता है.
नोरा ने कहा, “मेरी जिंदगी में बहुत अच्छे पुरुष भी आए हैं, ऐसा नहीं है. लेकिन जब आपको डैडी इश्यूज होते हैं, तो वह रिश्तों में असुरक्षा में बदल जाते हैं.” उन्होंने आगे कहा, “अगर कोई आपके साथ नहीं रहना चाहता, या रिश्ता काम नहीं करता, तो उसे स्वीकार करना आपके लिए बहुत मुश्किल हो जाता है. आगे बढ़ना मुश्किल होता है.”
ये भी पढ़ें: 5-7 साल का एज गैप शादी के लिए क्यों माना जाता है बेस्ट? रिसर्च में सामने आई वजह
नोरा ने माना कि वह ऐसे लोगों के साथ भी रिश्ते में रही हैं, जो उनके लिए सही नहीं थे, लेकिन फिर भी वह ब्रेकअप को आसानी से नहीं संभाल पाईं क्योंकि उन्होंने अपने रिश्तों में असुरक्षा को कभी ठीक से समझा और सुलझाया नहीं था. उन्होंने कहा, “यह सिर्फ उसकी गलती नहीं थी, तकनीकी तौर पर यह मेरी समस्या थी. लेकिन कहीं न कहीं यह उसकी भी गलती थी क्योंकि इसकी शुरुआत एक पुरुष से हुई थी.”
आखिर में नोरा ने कहा कि वह अब भी अपने डैडी इश्यूज और रिश्तों में असुरक्षा से बाहर निकलने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने माना कि वह इन बातों पर ज्यादा बात नहीं करतीं, लेकिन वह लगातार सीख रही हैं कि पुरुषों के साथ अपने रिश्तों को कैसे बेहतर तरीके से संभाला जाए और अपने पिता से जुड़ी अधूरी भावनाओं से कैसे बाहर निकला जाए.
Gurudev Sri Sri Ravi Shankar on NDTV: Stress, Anxiety, से लेकर Relationship, Spirituality तक हर बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं