कपड़ों पर दाग लगना आम बात है. कभी चाय या कॉफी पीते समय कपड़ों पर छींटे पड़ जाते हैं, तो कभी खाते-पीते समय तेल या दूसरी चीजों के दाग लग जाते हैं. अब, इस तरह के दाग को साफ करना कई बार बड़ी चुनौती हो जाता है. बार-बार धोने और खूब रगड़ने के बाद भी कपड़े से दाग पूरी तरह साफ नहीं होता है. अगर आपकी किसी पसंदीदा शर्ट, टॉप या पेंट पर चाय-कॉफी, तेल, इंक या लिपस्टिक का दाग लग गया है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. यहां हम आपको इन दाग को साफ करने के आसान और असरदार तरीके बता रहे हैं. सोशल मीडिया पर ड्राई क्लीनर ऋषभ राय ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कपड़ों पर लगे अलग-अलग दाग हटाने के आसान तरीके बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
कपड़े से इंक का दाग कैसे साफ करें?कई बार पेन की स्याही कपड़ों पर लग जाती है. खासकर बच्चों की यूनिफॉर्म और ऑफिस में पहने जाने वाले कपड़ों पर इंक के दाग लगना आम बात है. ऐसे दाग हटाने के लिए ड्राई क्लीनर ने दूध का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. इसके लिए दाग लगे हिस्से को कच्चे दूध में भिगोकर कुछ समय के लिए छोड़ दें. इसके बाद कपड़े को हल्के हाथों से रगड़कर साफ कर लें. ड्राई क्लीनर बताते हैं, दूध में मौजूद फैट और प्रोटीन स्याही को कपड़े के रेशों से ढीला करने में मदद करते हैं. ऐसे में आप ये ट्रिक आजमाकर देख सकते हैं.
कपड़े से लिपस्टिक का दाग कैसे हटाएं?अगर आपके किसी टॉप या कपड़े पर मेकअप या खासकर लिपस्टिक का दाग लग गया है, तो इसे हटाने के लिए आप अल्कोहल का इस्तेमाल कर सकते हैं. एक साफ कपड़े या कॉटन पर थोड़ी मात्रा में अल्कोहल लें और दाग वाली जगह पर हल्के-हल्के हाथों से लगाएं. ध्यान रखें कि आपको दाग को जोर से रगड़ना नहीं है, ऐसा करने से दाग कपड़े में और फैल सकता है. बस हल्के हाथों से डेब-डेब करते हुए अल्कोहल से दाग को साफ करें.
कपड़े से चाय-कॉफी के दाग कैसे साफ करें?अगर आपके किसी कपड़े पर चाय या कॉफी गिर गई है और कपड़े पर उसके दाग रह गए हैं, तो इन्हें साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा और पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं. बेकिंग सोडा को थोड़े से पानी में मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार करें. अब, इस पेस्ट को दाग वाली जगह पर लगाएं और कुछ देर के लिए छोड़ दें. इसके बाद हल्के हाथों से साफ करके कपड़े को धो लें.
कपड़ों पर तेल का दाग लग जाए तो क्या करें?कपड़े से तेल का दाग साफ करने के लिए आप डिश सोप यानी बर्तन धोने वाले लिक्विड का इस्तेमाल कर सकते हैं. दाग वाली जगह पर थोड़ा सा डिश सोप लगाएं और हल्के हाथों से रगड़ें. इसके बाद कपड़े को पानी से धो लें. अगर एक बार में कपड़े से दाग या चिकनाई साफ नहीं होती है, तो आप एक बार फिर इस प्रोसेस को दोहरा सकते हैं.
इस तरह आप कुछ आसान से घरेलू नुस्खे आजमाकर अपने कपड़ों पर लगे दाग को साफ कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- फटी एड़ियों को कैसे ठीक करें? स्किन एक्सपर्ट ने बताए 3 सबसे असरदार तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं