नया पियर्सिंग यानी कान छिदवाना भले ही छोटा दिखता हो, लेकिन यह त्वचा पर बना एक छोटा घाव होता है, जिसे ठीक होने के लिए कुछ दिन और सही देखभाल की जरूरत होती है. जब भी कोई नए कान छिदवाता है तो कुछ दिनों तक दर्द रहता है और कान में सूजन या पकने का खतरा भी रहता है, क्योंकि कान या नाक में पहना गया नया स्टड, हूप या नोज पिन सिर्फ सुंदरता ही नहीं बढ़ाता, बल्कि उसकी देखभाल का भी खास ध्यान रखना पड़ता है. ऐसे में पियर्सिंग वाली जगह को साफ रखना और उसे बार-बार छूने से बचना चाहिए. अगर, आपने भी नए कान या नाक छिदवाए है या फिर छिदवाने की सोच रहे हैं तो उसकी जल्दी रिकवरी और पकने से बचने के लिए इन 5 आसान टिप्स को जरूर अपनाएं.
पियर्सिंग वाली जगह को साफ रखें
पियर्सिंग करवाने के बाद लोग अक्सर सोचते हैं कि बार-बार सफाई करने से घाव जल्दी ठीक हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं है. पियर्सिंग वाली जगह साफ रहे, लेकिन उसे इतना भी न साफ करें कि त्वचा में जलन होने लगे. इसके लिए नमक वाले घोल का इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है. इसके अलावा खुशबू वाले प्रोडक्ट्स या ज्यादा नमक वाले घरेलू घोल का इस्तेमाल करने से बचें.
बार-बार ज्वेलरी को छूने से बचें
पहले लोग कहते थे कि कान छिदवाने के बाद बाली को घुमाते रहना चाहिए ताकि छेद बंद न हो, लेकिन एक्सपर्ट ऐसा नहीं करने को कहते हैं. कान छिदवाने के बाद ज्वेलरी को बार-बार घुमाने या हिलाने से त्वचा में जलन हो सकती है और घाव ठीक होने में ज्यादा समय लग सकता है. ऐसे में बार-बार छूने से बचें और उस पर बनी पपड़ी को न खुरचें.
घरेलू नुस्खे आजमाने से बचें
नई पियर्सिंग पर हल्दी का पेस्ट, नीम का पेस्ट, नारियल तेल, एसेंशियल ऑयल, नींबू का रस, एप्पल साइडर विनेगर, लहसुन या कोई घरेलू हर्बल मिश्रण सीधे नहीं लगाना चाहिए, क्योंकि नई पियर्सिंग वाली त्वचा बहुत संवेदनशील होती है. ऐसे में ये घरेलू नुस्खे त्वचा में जलन पैदा कर सकते हैं या बैक्टीरिया पहुंचाकर संक्रमण का खतरा बढ़ा सकते हैं.
रगड़ और चोट से बचाकर रखें
अगर आपने कान छिदवाए हैं, तो नई पियर्सिंग वाली तरफ सोने से बचें. हेडफोन का ज्यादा इस्तेमाल न करें और ध्यान रखें कि बाल बार-बार ईयररिंग में न फंसें. ऐसे कपड़े पहनने से भी बचें जो बाली या स्टड में अटक सकते हों. कपड़े बदलते समय भी सावधानी रखें ताकि ईयररिंग खिंचे नहीं.
सही धातु की बाली पहनें
अगर आपने कान छिदवाए हैं, तो शुरुआत में केवल असली सोना या चांदी की बाली पहनें. आर्टिफिशियल या निकेल वाले गहनों से एलर्जी और इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है.
यह भी पढ़ें:- चेहरे पर काले दाग, धब्बे और पिंपल कैसे हटाएं? टमाटर का ये देसी उपाय कर सकता है कमाल
यह भी पढ़ें:- पानी की बोतल को अंदर से कैसे साफ करें? एक्सपर्ट से जानें स्टेनलेस स्टील और पीतल की बोतल साफ करने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- धनिया का पानी बालों में लगाने के क्या फायदे हैं? जानिए Hair Growth के लिए इसका सही इस्तेमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं