धनिया सिर्फ खाने में स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं होता है, बल्कि धनिया का पानी हेयर केयर के लिए बहुत लाभकारी होता है. आज के समय में मेथी, प्याज और चावल जैसी चीजों के बाद अब धनिया भी DIY हेयर केयर में काफी चर्चा में है. सोशल मीडिया पर कई ब्यूटी और हेयर केयर प्रेमी बालों के झड़ने की समस्या के लिए धनिया का पानी और धनिया का रस इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं. सोशल मीडिया पर कई लोग दावे कर रहे हैं कि इसके इस्तेमाल से बालों का झड़ना कम हो सकता है और हेयर ग्रोथ बेहतर हो सकती है. हालांकि, सिर्फ किसी घरेलू नुस्खे पर भरोसा करने से पहले यह जानना जरूरी है कि इसके पीछे कितना सच है और एक्सपर्ट्स इस बारे में क्या कहते हैं.
दरअसल, सब्जी के साथ फ्री में मिलने वाला यह साधारण-सा हरा धनिया अब बालों की देखभाल के घरेलू नुस्खों का हिस्सा बनता जा रहा है. माना जाता है कि इसमें मौजूद पोषक तत्व स्कैल्प को पोषण देने और बालों को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं, लेकिन क्या सच में धनिया बाल झड़ना कम कर सकता है या यह सिर्फ एक सोशल मीडिया ट्रेंड है? चलिए आपको बताते हैं धनिया का पानी हेयर केयर में कितना फायदेमंद हो सकता है.
बालों के लिए धनिया का इस्तेमाल कैसे करें?
अगर आप स्कैल्प को हेल्दी रखने और बालों की देखभाल के लिए धनिया आजमाना चाहते हैं, तो धनिया का पानी सबसे आसान और सुरक्षित तरीका हो सकता है. इसके लिए आपको सिर्फ एक मुट्ठी हरा धनिया और लगभग 2 कप पानी की जरूरत होगी. सबसे पहले धनिया की पत्तियों को अच्छी तरह धो लें. अब 2 कप पानी में धनिया डालकर कुछ मिनट तक उबालें. जब पानी ठंडा हो जाए, तो इसे छान लें. बालों को शैंपू से धोने के बाद इस धनिया वाले पानी को आखिरी रिंस की तरह बालों और स्कैल्प पर डालें. इसके कुछ मिनट बाद सादे पानी से बालों को दोबारा धो लें.
क्या धनिया सच में बाल बढ़ाने में मदद करता है?
धनिया में कई ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं. एंटीऑक्सीडेंट स्कैल्प और बालों की जड़ों को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद कर सकते हैं. हालांकि, अभी ऐसे पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं जो यह साबित करें कि सिर्फ धनिया के इस्तेमाल से बाल तेजी से बढ़ने लगते हैं.
एक्सपर्ट क्या कहते हैं?
एक्सपर्ट के अनुसार, धनिया जैसे घरेलू नुस्खे स्कैल्प की सेहत सुधारने के लिए अच्छे हैं, लेकिन बालों के झड़ने के मुख्य कारण जैसे जेनेटिक्स, हार्मोन असंतुलन या पोषण की कमी को ये पूरी तरह ठीक नहीं कर सकते. गंभीर बालों की समस्या के लिए मेडिकल इलाज जरूरी है.
क्या धनिया स्कैल्प के लिए सेफ है?
धनिया आमतौर पर खाने में इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन जब इसे सीधे स्कैल्प पर लगाया जाता है तो सावधानी बरतना जरूरी है. अगर आप घर पर बना धनिया का पानी या कोई अन्य घरेलू मिश्रण इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो पहले पैच टेस्ट जरूर करें. इसके लिए मिश्रण को त्वचा के किसी छोटे हिस्से पर लगाकर कुछ समय तक देखें. अगर खुजली, जलन, लालिमा या किसी तरह की एलर्जी महसूस हो, तो इसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें. इसके साथ ही, अगर स्कैल्प पर पहले से घाव, सूजन या इंफेक्शन है, तो धनिया या किसी भी घरेलू नुस्खे को लगाने से बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें:- पुरानी जींस फेंकें नहीं, घर पर ही बनाएं बैग, प्लांटर और होम डेकोर की ये 5 शानदार चीजें
यह भी पढ़ें:- बालकनी और छत पर उग गया पीपल का पौधा, बिना काटे जड़ से खत्म करने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके
यह भी पढ़ें:- घर से भगाएं कॉकरोच, मच्छर और छिपकली, कीड़े-मकोड़ों को भगाने के लिए आसान घरेलू उपाय, मिनटों में दिखेगा असर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं