गर्म खाना खाते समय या चाय-कॉफी पीते समय कई बार जल्दबाजी में जीभ जल जाती है. इसके बाद कई दिनों तक जीभ में जलन, दर्द और चुभन महसूस होती रहती है. हालत ऐसी हो जाती है कि फिर कुछ भी खाते या पीते समय जीभ पर तेज टीस का एहसास परेशान करने लगता है. इन सब परेशानियों से बचने के लिए डेंटल केयर एक्सपर्ट डॉक्टर सायंतिका ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने में बताया है कि जीभ जलने के बाद तुरंत क्या करना चाहिए या क्या करने से आपको जल्दी राहत मिल सकती है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
जीभ जल जाए, तो सबसे पहले क्या करें?
डॉक्टर सायंतिका बताती हैं, अगर कुछ गर्म खाने या पीने से आपकी जीभ जल गई है, तो सबसे पहले एक गिलास में ठंडा पानी लें और इसे धीरे-धीरे घूंट-घूंट कर पिएं. इसके बाद बर्फ का एक छोटा टुकड़ा लेकर मुंह में रखें और इसे धीरे-धीरे पिघलने दें. इससे जीभ को ठंडक मिलती है और जलन का एहसास कम होता है. साथ ही ठंडी सिकाई करने से सूजन भी नहीं होती है. बस ध्यान रखें कि आपको बर्फ को अपनी जीभ पर बहुत तेज दबाकर नहीं रखना है.
यह भी देखें-
ठंडा दूध या दही भी दे सकता है राहतडॉक्टर आगे बताती हैं, अगर ठंडा पानी या बर्फ न हो, तो ठंडे दूध से कुल्ला करने से भी जली हुई जीभ को आराम मिल सकता है. इसके अलावा आप एक चम्मच सादे दही को भी थोड़ी देर मुंह में रख सकते हैं. बस ध्यान रहे कि दही में नमक या चीनी न मिली हो. इससे भी जीभ पर ठंडक महसूस होती है और परेशानी ज्यादा नहीं बढ़ती है.
इन चीजों से कुछ दिन रहें दूरडेंटल केयर एक्सपर्ट बताती हैं, जीभ जलने के बाद कुछ समय के लिए कुछ चीजों से दूरी बनाना भी जरूरी है. जैसे-
- कुछ दिनों तक बहुत गर्म चाय, कॉफी या खाना खाने से बचें. इससे जलन और बढ़ सकती है.
- खट्टी और एसिडिक चीजें भी जली हुई जीभ में जलन बढ़ा सकती हैं.
- तीखा और ज्यादा मसालेदार खाना भी न खाएं.
- इन सब से अलग जीभ साफ करते समय भी सावधानी रखें. जली हुई जगह को जोर से ब्रश या स्क्रैप न करें. ऐसा करने से उस हिस्से में और जलन हो सकती है और जीभ को ठीक होने में ज्यादा समय लग सकता है.
कोशिश करें कि शुरू के एक-दो दिन नरम, ठंडा और नॉर्मल तापमान वाला खाना खाएं.
इस बात का रखें ध्यानडेंटल केयर एक्सपर्ट बताती हैं, आमतौर पर हल्की जली हुई जीभ 2 से 3 दिनों में अपने आप ठीक हो जाती है. लेकिन अगर दर्द या जलन एक हफ्ते तक बनी रहे, परेशानी बढ़ती जाए या खाने-पीने में ज्यादा दिक्कत हो, तो तुरंत डेंटिस्ट से सलाह लेना बेहतर है.
यह भी पढ़ें- Rubber Plant की पत्तियों को बड़ा और चमकदार कैसे बनाएं? रबर प्लांट की ग्रोथ रुक जाए तो क्या करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं