Independence Day Weekend Trip: इस बार स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर पड़ रहा है. ऐसे में शहर की भागदौड़ से दूर सुकून के कुछ पल बिताने का बेहतरीन मौका है. अगर आप ट्रैफिक, ऑफिस की डेडलाइन और रोजमर्रा की व्यस्तता से ब्रेक लेना चाहते हैं, तो पहाड़ों, जंगलों और प्रकृति के बीच स्थित शांत जगह जा सकते हैं. अगर, आप भी स्वतंत्रता दिवस दिल्ली के आसपास कुछ खूबसूरत डेस्टिनेशन पर बिताना चाहते हैं तो हिमाचल प्रदेश की शांत वादियों से लेकर उत्तराखंड और राजस्थान के छिपे हुए खूबसूरत ठिकाने आपके लिए बहुत अच्छे हो सकते हैं.
धानाचूली, उत्तराखंड
दिल्ली से करीब 343 किलोमीटर दूर स्थित धानाचूली उत्तराखंड का एक बेहद शांत और खूबसूरत गांव है. यहां से बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियों, जैसे नंदा देवी और त्रिशूल, का शानदार नजारा दिखाई देता है. सेब के बाग, घने चीड़ के जंगल और शांत वातावरण इसे शहर की भीड़भाड़ से दूर आरामदायक वीकेंड बिताने के लिए एक बेहतरीन जगह है. यहां आप प्रकृति के करीब रहकर सुकून और ताजगी का अनुभव कर सकते हैं.
तीर्थन वैली, हिमाचल प्रदेश
दिल्ली से करीब 500 किलोमीटर दूर स्थित तीर्थन वैली हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की एक खूबसूरत और कम भीड़भाड़ वाली जगह है. इस घाटी का नाम यहां बहने वाली स्वच्छ तीर्थन नदी के नाम पर पड़ा है. चारों ओर फैले हरे-भरे चीड़ के जंगल, नीले पानी की नदियां और प्राकृतिक सुंदरता इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बनाती हैं. यही घाटी ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क का प्रवेश द्वार भी मानी जाती है.
देवगढ़, राजस्थान
राजस्थान के राजसमंद जिले में स्थित देवगढ़, दिल्ली से करीब 470 किलोमीटर दूर है. अरावली की पहाड़ियों के बीच बसा यह शांत कस्बा अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है. यहां का 17वीं शताब्दी का देवगढ़ महल, ग्रामीण जीप सफारी, खूबसूरत मीटर-गेज ट्रेन रूट और पारंपरिक लघु चित्रकला पर्यटकों को आकर्षित करती है. अगर आप इस वीकेंड इतिहास और संस्कृति से भरी किसी जगह पर जाना चाहते हैं, तो देवगढ़ बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
शोजा, हिमाचल प्रदेश
दिल्ली से लगभग 480 किलोमीटर दूर स्थित शोजा, हिमाचल प्रदेश की बंजार घाटी का एक बेहद सुंदर गांव है. यह जालोरी पास के पास करीब 2,700 मीटर की ऊंचाई पर बसा हुआ है. यहां घने देवदार के जंगल, पारंपरिक लकड़ी के मंदिर और बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियों के शानदार नजारे देखने को मिलते हैं. शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता के कारण यह जगह सुकून भरे पहाड़ी वेकेशन के लिए आदर्श मानी जाती है.
चकराता, उत्तराखंड
दिल्ली से करीब 320 से 335 किलोमीटर दूर स्थित चकराता उत्तराखंड का एक शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है. इसका निर्माण वर्ष 1866 में ब्रिटिश सेना ने कैंटोनमेंट टाउन के रूप में किया था. आज यह जगह ओक और देवदार के घने जंगलों, चूना पत्थर की गुफाओं, प्राचीन मंदिरों और टाइगर फॉल्स के लिए प्रसिद्ध है. टाइगर फॉल्स भारत के सबसे ऊंचे सीधे गिरने वाले झरनों में गिना जाता है.
यह भी पढ़ें:- रोज जिम नहीं गई फिर भी घटाया 18 किलो वजन, 18 साल की लड़की ने शेयर किया फिटनेस सीक्रेट
यह भी पढ़ें:- Anti-Ageing Tips: त्वचा समय से पहले दिखने लगी बूढ़ी, एक्सपर्ट ने बताया डेली लाइफस्टाइल की ये गलतियां हो सकती हैं वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं