Car Paint Protection Tips: घर में जब नई गाड़ी आती है तो एकदम शीशे जैसी चमकती है. लेकिन धीरे-धीरे लंबे समय तक तेज धूप, धूल, बारिश, प्रदूषण और पानी में मौजूद मिनरल्स के संपर्क में रहने से कार के पेंट पर असर पड़ता है और उसकी चमक भी फीकी पड़ने लगती है. ऐसे में कई कार मालिक गाड़ी को फिर से पेंट कराने के लिए हजारों रुपये खर्च करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं शुरुआत से ही रोजमर्रा की कुछ छोटी-छोटी चीजों का ध्यान रखकर कार को लंबे समय तक नए जैसा बनाए रखा जा सकता है. इसी कड़ी में आज हम आपको कार की चमक, फिनिश और पेंट प्रोटेक्शन बनाए रखने के लिए 5 आसान टिप्स बताने जा रहे हैं.
1. नियमित रूप से कार की सफाई करें
टर्टल वैक्स के मार्केटिंग डायरेक्टर (इंडिया और आसियान) दिब्य स्वरूप पाणिग्रही के अनुसार कार की चमक बनाए रखने के लिए धूल, मिट्टी और सड़क की गंदगी को लंबे समय तक गाड़ी पर जमा न होने दें. ऐसे में नियमित रूप से कार की सफाई करें और इसे अपने कार-केयर रूटीन का हिस्सा बनाएं. सफाई के लिए गाड़ी को पहले पानी से अच्छी तरह धोएं. इसके बाद कार के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए शैम्पू से साफ करें और माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछें.
2. सफाई करने के सही प्रोडक्ट्स चुनें
एक्सपर्ट बताते हैं कि हर क्लीनिंग प्रोडक्ट कार के पेंट के लिए सही नहीं होता. प्रोडक्ट खरीदते समय देखें कि वो खास तौर पर कार की सफाई के लिए बनाया गया हो. लेबल पर दिए गए संबंधी निर्देशों को पढ़ें और ऐसे प्रोडक्ट चुनें जो कार से धूल और गंदगी को आसानी से हटाए और कार की सतह की चमक व पेंट को नुकसान न पहुंचाए.
यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक केतली कैसे साफ करें? क्या इलेक्ट्रिक केतली को धोया जा सकता है, जानिए यहां
3. गाड़ी धोते समय पेंट पर ज्यादा रगड़ने से बचें
गंदगी को जोर से रगड़ने के बजाय पहले पानी से अच्छी तरह हटाएं. इसके बाद मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़े या कार साफ करने वाले दस्ताने से धीरे-धीरे सफाई करें, ताकि पेंट पर खरोंच या रगड़ के निशान न पड़ें.
4. पानी के दाग और गंदगी को ज्यादा देर तक न रहने दें
एक्सपर्ट बताते हैं कि बारिश या कार धोने के बाद पानी की बूंदें सूखने से सतह पर दाग और पानी में मौजूद मिनरल्स की लेयर जम सकती है. इसी तरह पक्षियों की बीट, पेड़ों से निकलने वाला गोंद और सड़क की गंदगी भी पेंट पर ज्यादा देर तक नहीं रहने देनी चाहिए. इन्हें समय रहते सही तरीके से साफ करें.
5. पेंट की सुरक्षा के लिए सही ऑप्शन चुनें
केवल कार धोना ही उसकी पूरी देखभाल के लिए पर्याप्त नहीं है. पेंट की प्रोटेक्शन के लिए कार की जरूरत और इस्तेमाल के अनुसार सही प्रोडक्ट चुनें. सही प्रोटेक्शन के लिए सिरेमिक कोटिंग या पेंट प्रोटेक्शन फिल्म (पीपीएफ) जैसे ऑप्शन को चुनें.
यह भी पढ़ें: पीले-गंदे तकिये को कैसे साफ करें? जानिए बिना वॉशिंग मशीन के तकिए को साफ करने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं