तेज पत्ते का पौधा लगाने के लिए आपको बड़े बगीचे या ज्यादा जगह की जरूरत नहीं है. अगर आपके घर में बालकनी, छत या छोटी-सी खुली जगह है तो आप इसे गमले में आसानी से उगा सकते हैं. आमतौर पर लोग तेज पत्ता बाजार से खरीदते हैं, लेकिन घर पर इसका पौधा लगाकर भी पत्तियों का इस्तेमाल किया जा सकता है. बागवानी के जानकारों के अनुसार सही मिट्टी, पर्याप्त रोशनी और पानी की उचित व्यवस्था से पौधे को अच्छी तरह बढ़ने में मदद मिलती है. हालांकि, इसकी ग्रोथ में समय लग सकता है. आइए जानते हैं गमले में तेज पत्ता उगाने के लिए मिट्टी से लेकर देखभाल तक किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
नर्सरी से खरीदें तेज पत्ते का पौधा
अगर आप पहली बार तेज पत्ता उगाने जा रहे हैं, तो बीज से शुरुआत करने के बजाय नर्सरी से तैयार पौधा खरीदना आसान विकल्प हो सकता है. वहां आपको अपनी जरूरत के हिसाब से छोटे-बड़े पौधे मिल सकते हैं. पौधा खरीदते समय उसकी पत्तियों और तने को ध्यान से देखें. पत्तियां स्वस्थ हों और पौधे में किसी तरह के कीट या बीमारी के निशान न दिखें.
कैसी होनी चाहिए मिट्टी और गमला?
तेज पत्ते के पौधे के लिए ऐसी मिट्टी चुनें, जिसमें पानी जमा न हो. इसके लिए सामान्य मिट्टी में कोकोपीट, थोड़ी रेत और अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद मिलाकर पॉट मिक्स तैयाार कर सकते हैं. गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद होना जरूरी है. शुरुआत में करीब 12 से 15 इंच का गमलाा ले सकते हैं. पौधा बड़ा होने पर जरूरत के हिसाब से इसे बड़े गमले में लगा दें.
धूप और पानी का रखें ध्यान
तेज पत्ते के पौधे को अच्छी रोशनी पसंद होती है. इसे ऐसी जगह रखें, जहां पर्याप्त धूप आती हो. हालांकि, छोटे पौधे को अचानक बहुत तेज धूप में रखने से बचें. मिट्टी की ऊपरी परत सूखने लगे, तभी जरूरत के हिसाब से पानी दें. गमले में लगातार पानी भराा रहने से जड़ें खराब हो सकती हैं. सर्दियों में बहुत ज्यादा ठंड पड़ने पर पौधे को सुरक्षित जगह पर रखना बेहतर है.
कब तोड़ें तेज पत्ते और कैसे करें स्टोर?
पौधे पर जब पत्तियां पूरी तरह विकसित होकर गहरे हरे रंग की हो जाएं, तब जरूरत के अनुसार उन्हें तोड़ सकते हैं. इसके लिए कैंची का इस्तेमाल करें, ताकि टहनियों को नुकसान न पहुंचे. पत्तियों को लंबे समय तक रखने के लिए साफ करके हवादार छांव में अच्छी तरह सुखाएं. पूरी तरह सूखने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रखें. इस तरह आप घर पर उगााए गए तेज पत्ते का इस्तेमाल खाने और अन्य काम के लिए कर सकते हैं. ध्यान रखें कि पौधे की बढ़त धीमी हो सकती है, इसलिए तुरंत भरपूरर पत्तियां मिलने की उम्मीद न करें.
ये भी पढ़ें- Aaj ka Panchang 15 October 2026: ललिता पंचमी आज, नोट करें शुभ मुहूर्त, राहुकाल और पूरा पंचांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं