चेहरे पर पिंपल होना आम बात है. हालांकि, एक छोटा सा पिंपल निकलते ही ज्यादातर लोग इसे जल्दी ठीक करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाने लगते हैं. इसके लिए कुछ लोग महंगे-महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ कई तरह के घरेलू नुस्खे आजमाने लगते हैं. इन्हीं नुस्खों में से एक है Vicks लगाना. माना जाता है कि Vicks लगाने से पिंपल रातभर में ठीक हो जाता है. आपने सोशल मीडिया पर कई ब्यूटी इन्फ्लुएंसर्स या आम लोगों को ये नु्स्खा आजमाते हुए देखा होगा. लेकिन क्या ऐसा करना सही है? आइए एक्सपर्ट से जानते हैं पिंपल पर Vicks लगाने का ये नुस्खा कितना असरदार है-
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
इसे लेकर फेमस डर्मेटोलॉजिस्ट प्रियंका रेड्डी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन की डॉक्टर बताती हैं, Vicks का इस्तेमाल बंद नाक और सर्दी-जुकाम जैसी समस्या में राहत के लिए किया जाता है, न कि चेहरे के बंद पोर्स को खोलने या एक्ने की परेशानी को ठीक करने के लिए. Vicks में कपूर, मेंथॉल और यूकेलिप्टस ऑयल जैसे इंग्रेडिएंट्स होते हैं, साथ ही पेट्रोलियम बेस भी होता है, जो काफी गाढ़ा होता है. चेहरे पर इसे लगाने से स्किन पर एक मोटी परत बन सकती है, जिससे आपके पोर्स और क्लॉग हो सकते हैं.
ठंडक महसूस होना पिंपल ठीक होने का साइन नहींडर्मेटोलॉजिस्ट आगे बताती हैं, Vicks लगाने के बाद चेहरे पर ठंडक या हल्की झनझनाहट महसूस हो सकती है. इसी वजह से कुछ लोगों को लगता है कि पिंपल पर दवा काम कर रही है और वह ठीक हो रहा है. लेकिन असल में ऐसा कुछ नहीं होता है. यह ठंडक पिंपल के ठीक होने की वजह से नहीं, बल्कि चेहरे की स्किन में जलन या इरिटेशन होने पर होती है. इसलिए चेहरे पर Vicks बिल्कुल नहीं लगानी चाहिए.
रातभर Vicks लगाने से क्या हो सकता है?कई लोग रातभर पिंपल पर Vicks लगाकर छोड़ देते हैं. डॉक्टर प्रियंका के मुताबिक, ऐसा करने से स्किन में इरिटेशन हो सकती है. इसके बाद चेहरे पर लाल या भूरे रंग के निशान पड़ सकते हैं. इस तरह के निशान को PIH यानी Post-Inflammatory Hyperpigmentation कहा जाता है.
डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, कई बार पिंपल तो खुद ठीक हो जाता है, लेकिन Vicks जैसे नुस्खे आजमाने से उस जगह पर गहरा निशान रह जाता है, जो कई हफ्तों या कई महीनों तक रह सकता है. इसलिए सिर्फ पिंपल को जल्दी सुखाने के चक्कर में ऐसी चीज चेहरे पर लगाना ठीक नहीं है.
टूथपेस्ट, नींबू और लहसुन भी न लगाएंडर्मेटोलॉजिस्ट ने सिर्फ Vicks ही नहीं, बल्कि टूथपेस्ट, नींबू और लहसुन जैसे घरेलू नुस्खों से भी बचने की सलाह दी है. इन चीजों से भी स्किन में जलन, चुभन और रेडनेस हो सकती है. इसके बाद पिंपल की जगह निशान रह सकता है.
तो फिर पिंपल होने पर क्या करें?पिंपल निकलने पर उसे बार-बार छूने या दबाने से बचें. सोशल मीडिया पर दिखने वाले हर DIY नुस्खे को चेहरे पर इस्तेमाल न करें. अगर पिंपल ज्यादा हैं, तो अपनी स्किन के हिसाब से सही ट्रीटमेंट के लिए डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह लेना बेहतर है.
डॉक्टर प्रियंका कहती हैं, पिंपल कुछ दिनों की समस्या हो सकता है, लेकिन गलत चीज लगाने से बना दाग कई महीनों तक परेशान कर सकता है. इसलिए चेहरे पर कुछ भी लगाने से पहले यह जानना जरूरी है कि वह आपकी स्किन के लिए सही है या नहीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं