How do I grow green chili: हरी मिर्च खाने का स्वाद बढ़ाने वाली सबसे जरूरी चीजों में से एक मानी जाती है, लेकिन इसकी बढ़ती कीमतें अक्सर रसोई का बजट बिगाड़ देती हैं. ऐसे में अगर आप ताजी और केमिकल-फ्री हरी मिर्च का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इसे घर पर ही आसानी से उगा सकते हैं. खास बात ये है कि इन्हें उगाने के लिए किसी खास बीज या मिट्टी की जरूरत नहीं होती है. आप घर पर ही कम खर्च या कहें फ्री में ही मिर्ची का पौधा लगाकर ढेरों मिर्चियां उगा सकते हैं. आइए जानते हैं इसके लिए जरूरी टिप्स. इसकी जानकारी 'द गार्डनिंग गुरू' ने अपने यूट्यूब चैनल से वीडियो शेयर कर दी है.
मिर्ची उगाने के लिए किन बीजों का करें इस्तेमाल?
घर पर मिर्च का पौधा उगाने के लिए आपको किसी नर्सरी में जाने की जरूरत नहीं है. आप घर पर ही मौजूद सूखी लाल मिर्च के बीजों का सही इस्तेमाल कर पौधा लगा सकते हैं. इसके लिए आप मिर्ची में बीजों को निकालें और करीब 3 घंटों के लिए भिगो दें. ध्यान रहे कि आप सही और पके हुए बीजों को ही चुनें.

मिट्टी कैसे करें तैयार?
हरी मिर्ची की पैदावार के लिए अच्छी मिट्टी होना बहुत ज्यादा जरूरी होता है. इसके लिए आप 50 प्रतिशत मिट्टी में 30 प्रतिशत गोबर की खाद और 20 प्रतिशत रेत मिलाएं. ध्यान रहे कि मिट्टी में नमी जरूर हो, लेकिन मिट्टी में जरूरत से ज्यादा पानी न भरें वरना पौधा खराब हो सकता है.
क्या है पौधा लगाने का तरीका?
हरी मिर्ची का पौधा लगाने के लिए आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें.
- सबसे पहले एक गमला लें और उसमें मिट्टी को भर दें.
- अब बीजों को कम से कम आधा इंच की गहराई पर बोएं.
- इन बीज के ऊपर हल्की मिट्टी और थोड़ा पानी डाल दें. पानी के लिए आप स्प्रे का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- अब इस गमले को ऐसी जगह रखें जहां हल्की-हल्की धूप आती हो.
- कम से कम 4 हफ्तों में मिर्च का पौधा तैयार हो जाएगा.
पौधा बड़ा होने के बाद इन टिप्स को अपनाएं
पौधा लगाने के बाद उसके बड़े होने तक कुछ टिप्स को अपनाना बहुत ज्यादा जरूरी होता है. ऐसे में जब मिर्च का पौधा 5 इंच से ज्यादा बड़ा हो जाए, तो उसे दूसरे गमले में ट्रांसप्लांट कर दें. दूसरे गमले में लगाने के दौरान जड़ों का ध्यान रखें और 2 दिन धूप से बचाएं. इसके अलावा आप रोजाना मिर्च के पौधे को 5-6 घंटे की धूप में जरूर रखें. साथ ही नियमित अनुसार पानी दें. लेकिन ध्यान रखें कि पानी ज्यादा डालकर पौधे की मिट्टी को किचड़ जैसा न बनाएं.

हरी मिर्च के पौधे में कौन सी खाद डालें?
हरी मिर्च के पौधे को स्वस्थ बनाए रखने के लिए आप गोबर की खाद डाल सकते हैं. इसके अलावा कीड़ों से बचाने के लिए आप पानी में नीम का तेल मिलाकर छिड़क सकते हैं. इससे कीड़ों का खतरा कम हो जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं