विज्ञापन

Gurudwara Patthar Sahib: लेह के पास स्थित ये गुरुद्वारा क्यों है खास? जानिए यहां कैसे पहुंचे और इससे जुड़ी मान्यता

लेह से गुरुद्वारा श्री पत्थर साहिब की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है. यहां बस या टैक्सी के माध्यम से आसानी से पहुंचा जा सकता है. गुरुद्वारा मुख्य सड़क के किनारे, प्रसिद्ध मैग्नेटिक हिल के पास स्थित है.

Gurudwara Patthar Sahib: लेह के पास स्थित ये गुरुद्वारा क्यों है खास? जानिए यहां कैसे पहुंचे और इससे जुड़ी मान्यता
गुरुद्वारा पत्थर साहिब
Photo Credit: Incredible India

Gurudwara Patthar Sahib: लद्दाख की खूबसूरत वादियों के बीच स्थित गुरुद्वारा श्री पत्थर साहिब श्रद्धा, इतिहास और आस्था का अनोखा संगम है. लेह से लगभग 25 किलोमीटर दूर लेह-कारगिल मार्ग पर स्थित ये गुरुद्वारा गुरु नानक देव जी से जुड़े एक चमत्कारिक प्रसंग के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. खास बात ये है कि आज भी यहां एक विशाल शिला देखने को मिलती है, जिस पर गुरु नानक देव जी और एक राक्षस के पदचिह्न होने की मान्यता है. ऐसे में अगर आप भी लेह घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं तो ये खबर आपके लिए ही है. आज हम आपको लेह में स्थित गुरुद्वारा श्री पत्थर साहिब के बारे में बताने जा रहे हैं. साथ ही ये भी जानेंगे कि आप यहां तक कैसे पहुंच सकते हैं.

क्यों खास है गुरुद्वारा श्री पत्थर साहिब? 

जम्मू कश्मीर टूरिज्म डेवलेपमेंट कॉर्पोरेशन की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार गुरु नानक देव जी (1515-1518 ई.) के दौरान वर्ष 1517 में नेपाल, सिक्किम और तिब्बत की यात्रा करने के बाद यारकंद होते हुए इस स्थान पर पहुंचे थे. उस समय सामने की पहाड़ी पर एक क्रूर राक्षस रहता था, जो लोगों को डराता और उन्हें मारकर खा जाता था. लोगों की पीड़ा सुनकर गुरु नानक देव जी यहां आए और उन्हें सांत्वना दी.

राक्षस गुरु जी को देखकर बहुत क्रोधित हो गया और उन्हें मारने की योजना बनाने लगा. एक दिन जब गुरु नानक देव जी ईश्वर की भक्ति में लीन थे, तब राक्षस ने उनके ऊपर एक विशाल पत्थर फेंक दिया. लेकिन वो पत्थर मोम की तरह नरम हो गया और गुरु जी की देह की छाप उसमें बन गई. इसके बावजूद उनकी साधना में कोई बाधा नहीं आई.

Incredible India

Incredible India

राक्षस को लगा कि गुरु जी मर गए हैं, इसलिए वो पत्थर के पास आया. जब उसने गुरु जी को सुरक्षित देखा तो वो हैरान रह गया. गुस्से में उसने पत्थर को अपने दाहिने पैर से लात मारी, लेकिन उसका पैर भी पत्थर में धंस गया. तब उसे अपनी गलती का एहसास हुआ और उसने गुरु जी से क्षमा मांगी.

गुरु नानक देव जी ने उसे क्षमा करते हुए कहा कि वह अपना शेष जीवन मानव सेवा में लगाए. राक्षस ने गुरु जी की बात मान ली और उसके बाद शांतिपूर्वक जीवन बिताने लगा. कुछ समय बाद गुरु नानक देव जी कारगिल होते हुए कश्मीर की ओर चले गए. आज भी उस पवित्र पत्थर को गुरुद्वारा श्री पत्थर साहिब में देखा जा सकता है, जहां गुरु जी की देह और राक्षस के पैर के निशान मौजूद होने की मान्यता है.

गुरुद्वारा पत्थर साहिब कैसे पहुंचें?

गुरुद्वारा श्री पत्थर साहिब के दर्शन के लिए श्रद्धालु नई दिल्ली, जम्मू या श्रीनगर से सीधे हवाई मार्ग से लेह पहुंच सकते हैं और वहां होटल में ठहर सकते हैं. सड़क मार्ग से लेह जाने के लिए दो प्रमुख रास्ते हैं, एक श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) से और दूसरा मनाली (हिमाचल प्रदेश) से. भारी बर्फबारी के कारण ये दोनों मार्ग हर साल नवंबर से मई तक बंद रहते हैं और आमतौर पर जून से अक्टूबर तक खुले रहते हैं.

इन बातों का रखें ध्यान

लेह समुद्र तल से काफी ऊंचाई पर स्थित है, इसलिए वहां ऑक्सीजन की कमी के कारण कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है. यात्रा पर जाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेने और पर्याप्त गर्म ऊनी कपड़ों की व्यवस्था करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि सर्दियों में यहां तापमान -20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच जाता है.

यह भी पढ़ें: मनाली के जाम और भीड़ को छोड़िए, इस सर्दी घूम आइए हिमाचल की इन खूबसूरत घाटियों में, गांव का सुकून जीत लेगा दिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Travel
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com