शांत चेहरे से "सब ठीक है" कहने वाले भारतीय पिता अपने अंदर ही अंदर काफी दर्द छुपा कर रखते हैं. ऐसे में आज हम आपको उन्हीं बातों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें भारतीय अपने मुंह पर कभी नहीं लाते. Father's Day 2026: भारतीय पिता की बात ही अलग है, भले ही वह अपना प्यार बच्चों को "आई लव यू" कहकर न जताएं, लेकिन वे आपको रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए सुबह 5 बजे उठ जाएंगे, या फिर आपके बिन कहे, आपकी जेब में जरूरत देंगे. वहीं अगर आपको कुछ खाने का मन करें, तो तुरंत लाकर दे देंगे. पीढ़ियों से हमने देखा है कि भारतीय पिता सीधे तौर पर प्यार जताते नहीं है, लेकिन बच्चों के लिए वह हमेशा ऐसी जिंदगी चाहते हैं, जिसमें प्यार ही प्यार रहे. इसलिए वह दिन- रात कड़ी मेहनत करते हैं. जहां पिता अपने बच्चों की अनकही बातें समझ लेते हैं, वहीं वह अपने बच्चों और परिवार से कुछ बातें और दर्द "सब ठीक है" के पीछे छुपा लेते हैं, जिन्हें वह अपने मुंह पर कभी नहीं लाते. आइए फादर्स डे 2026 (Father's Day 2026) पर जानते हैं, उन्हीं सभी बातों के बारे में.
किन बातों को पापा कभी नहीं कह पाते | Things Dads Rarely Express
पिता नहीं कहते, 'मुझे तुम्हारी याद आ रही है'
बच्चों को अच्छी परवरिश मिल सके, इसलिए हर पिता दिन- रात मेहनत करते हैं और उन्हें दूसरे शहरों में पढ़ाई के लिए भेजते हैं. ऐसे में एक पिता ही समझ सकते हैं कि बच्चे से दूर रहना कितना कठिन है. हम सभी जानते हैं कि पिता अपने बच्चों से बेहद प्रेम करते हैं और उनके दूर रहने पर उन्हें याद भी करते हैं, लेकिन ज्यादातर भारतीय पिता फोन पर "बेटा, मुझे तुम्हारी याद आती है" कहने से कतराते हैं. इसके बजाय, वे पूछेंगे, "तुम घर कब आ रहे हो?" या "क्या ऑफिस का काम बहुत ज्यादा है है?, " पैसों की जरूरत है तो बताओ". उस समय भारतीय पापा खुलकर यह नहीं कहेंगे कि "तुम्हारे बिना घर में सन्नाटा छा गया है, बेटा जल्दी आ जाओ". वह कहीं न कहीं अपना दर्द छुपा लेते हैं.
फाइनेंसियल प्रॉब्लम के बारे में न बताना
बच्चों की पढ़ाई और शादी-ब्याह का खर्च में किसी भी तरह की कमी न हो, इसलिए भारतीय पिता दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन कभी- कभी उन्हें फाइनेंशियल प्रॉब्लम का सामना करना पड़ता है. इसके बावजूद भी वह यह बात अपने मुंह पर नहीं लाते और किसी भी फाइनेंसियल प्रॉब्लम की भनक भी नहीं लगने देते, ताकि घर में तनाव का माहौल न बने.
अपने तकलीफ नहीं जाहिर करते पिता
भारतीय पिता ऐसे समाज में पले-बढ़े हैं, जहां कहा गया है कि 'लड़के रोते नहीं हैं', यानी पुरुषों के भावुक होने या कमजोरी दिखाने को समाज बुरा माना गया है. ऐसे में कई पिता परिवार के सामने हर स्थिति में मजबूत दिखने के लिए खुद को अलग-थलग कर लेते हैं और चुपचाप तकलीफ सहते हैं. यही नहीं पूछने पर भी अपना दर्द कभी किसी के साथ शेयर नहीं करते हैं.
अपनी खुशियों को त्याग करना
भारतीय पिता अपने बच्चे से इतना प्रेम करते हैं कि वह बच्चों की खुशियों के आगे अपनी खुशियों को त्याग करने में पीछे नहीं हटते हैं. घर और बच्चों की जिम्मेदारियों की पीछे, वह भूल जाते हैं कि उनके भी कोई सपने थे, जिन्हें उन्हें पूरा करना था. बता दें, भारतीय पिता अपनी पुरानी गाड़ी या फटे हुए जूते नहीं बदलेंगे नहीं, लेकिन बच्चों की कॉलेज की फीस और फरमाइशें वक्त पर पूरी कर देंगे.
भारतीय पिता को रहती है फ्यूचर की टेंशन
भारतीय पिता के दिमाग में हमेशा फ्यूचर की टेंशन भी रहती है, जिसका जिक्र वह शायद ही कभी करते होंगे. वह अक्सर सोचते हैं कि रिटायरमेंट के बाद क्या होगा. कितनी सेविंग हो जाएगी. यही नहीं भारतीय पिता को इस बात का डर भी अंदर ही अंदर सताता है, कि उनके दुनिया से चले जाने के बाद परिवार किसी भी तरह की फाइनेंसियल प्रॉब्लम से न जूझे. ऐसे में वह हमेशा इन्वेस्टमेंट के बारे में सोचते हैं और चेहरे पर टेंशन की शिकन नहीं आने देते.
इसे भी पढ़ें: बिना कहे सब समझ जाने वाले पापा को भेजें ये दिल छू लेने वाले मैसेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं