विज्ञापन

स्कूल से आने के बाद अपने बच्चे से जरूर पूछें ये 6 सवाल, एक्सपर्ट ने बताया हर माता-पिता को पता होनी चाहिए ये बातें

पीडियाट्रिशियन मिशेल शाह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में बच्चों की डॉक्टर ने 6 सवाल बताए हैं. पीडियाट्रिशियन कहती हैं स्कूल से लौटने के बाद हर पेरेंट्स को अपने बच्चे से ये सवाल जरूर पूछने चाहिए.

स्कूल से आने के बाद अपने बच्चे से जरूर पूछें ये 6 सवाल, एक्सपर्ट ने बताया हर माता-पिता को पता होनी चाहिए ये बातें
स्कूल के बाद बच्चे से क्या पूछें?
(Photo Credit: Freepik)

बच्चे जब स्कूल से घर लौटते हैं तो ज्यादातर माता-पिता सबसे पहले उनसे एक ही सवाल पूछते हैं, 'आज स्कूल में क्या सीखा?' सुनने में ये सवाल एकदम नॉर्मल लग सकता है. हर माता-पिता जानना चाहते हैं कि बच्चे ने स्कूल में क्या नया सीखा और उसकी पढ़ाई कैसी चल रही है. लेकिन पीडियाट्रिशियन मिशेल शाह का कहना है कि यह सवाल हमेशा सही नहीं होता. पीडियाट्रिशियन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने बताया है कि अगर बच्चों से अलग तरीके से बात की जाए, तो वे ज्यादा खुलकर अपनी बातें बताएंगे, साथ ही आगे वे और भी रुचि से नई चीजें सीख पाएंगे. आइए जानते हैं एक्सपर्ट की राय- 

क्या कहती हैं पीडियाट्रिशियन?

वीडियो में मिशेल शाह बताती हैं, 'आज क्या सीखा?' जैसे सवाल पूछने से बच्चे का ध्यान सिर्फ पढ़ाई और रिजल्ट पर चला जाता है. इस सवाल से कई बार बच्चा प्रेशर में भी आ जाता है. ऐसे में स्कूल से लौटने के बाद अपने बच्चे से सही सवाल पूछना जरूरी है. 

क्या पूछें?

पीडियाट्रिशियन कहती हैं, स्कूल से आने के बाद बच्चों से ऐसे सवाल पूछें, जिनका जवाब वे आराम से दे सकें. जैसे- 

  • आज स्कूल में सबसे मजेदार क्या हुआ?
  • क्या आज दोस्तों के साथ खेला?
  • किसी बात में परेशानी हुई?
  • टीचर की कोई बात समझने में दिक्कत आई?
  • किसी दोस्त की मदद की या किसी ने आपकी मदद की?
  • आज ऐसा क्या हुआ जिससे तुम्हें खुशी मिली?

इन सवालों से बच्चा खुद ही अपने पूरे दिन की बातें खुलकर बता देता है. आपको पता चल जाता है कि आपके बच्चे ने क्या कुछ नया किया या उसे क्या नया करने की जरूरत है. साथ ही बच्चा अपनी भावनाएं भी खुलकर शेयर करना सीखता है. इस तरह के सवाल सुनने के बाद बच्चे को लगता है कि सिर्फ नंबर या रिजल्ट ही जरूरी नहीं हैं. अगर उसे किसी बात में परेशानी हुई है, तो वह उसे भी बिना डर के बता सकता है. ऐसे में बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ता है और वह नई चीजें सीखने से डरता नहीं है.

बहुत मायने रखता है बच्चों से बात करने का तरीका 

मिशेल शाह कहती हैं, बच्चों की परवरिश में सिर्फ अच्छी पढ़ाई ही जरूरी नहीं होती, बल्कि उनसे सही तरीके से बात करना भी उतना ही जरूरी है. छोटे-छोटे सवाल बच्चे की सोच पर बड़ा असर डालते हैं. इसलिए अगली बार जब आपका बच्चा स्कूल से घर आए, तो सिर्फ 'आज क्या सीखा?' पूछने की बजाय उसके पूरे दिन के बारे में बात करें. यह छोटी-सी आदत बच्चे को बेहतर इंसान बनने, आत्मविश्वासी बनने और बिना डर के सीखने में मदद कर सकती है.

यह भी पढ़ें- बच्चों के लिए सबसे अच्छा कार्टून कौन सा है? जानें Cocomelon, Peppa Pig और छोटा भीम में से क्या दिखाएं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parenting Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com