विज्ञापन

घर के लड़ाई-झगड़ों के बीच गुस्से में भूलकर भी न कहें ये 4 बातें, रिश्तों में आ सकती है दरार, बाद में होगा पछतावा

आज हम आपको ये बताने जा रहे हैं कि फैमिली की लड़ाइयों के बीच किन बातों को कहने से बचना चाहिए वरना रिश्ते में दरार आ सकती है और भविष्य में पछतावा. आइए जानते हैं...

घर के लड़ाई-झगड़ों के बीच गुस्से में भूलकर भी न कहें ये 4 बातें, रिश्तों में आ सकती है दरार, बाद में होगा पछतावा
घर के लड़ाई-झगड़ों में क्या न बोलें?
Photo Credit: NDTV

Relationship Tips: कहा जाता है कि जहां प्यार होता है अक्सर वहीं लड़ाई-झगड़े होते हैं. ऐसे में फैमिली में क्लेश होना काफी ज्यादा आम बात है. लेकिन कई बार छोटी-छोटी लड़ाइयां बड़े विवाद का रूप ले लेती हैं और बहस अचानक नाराजगी तक पहुंच जाती है. ऐसे में छोटी सी बात भी पुरानी बातें वापिस ले आती है जिससे झगड़े बढ़ जाते हैं. साथ ही हर कोई अपनी बात कहने लगता है, लेकिन किसी की बात सुनने को तैयार नहीं होता. इसी दौरान कई बार लोग ऐसी बातें बोल देते हैं, जिनका उन्हें बाद में पछतावा होता है. इसी कड़ी में आज हम आपको ये बताने जा रहे हैं कि फैमिली की लड़ाइयों के बीच किन बातों को कहने से बचना चाहिए वरना रिश्ते में दरार आ सकती है और भविष्य में पछतावा.

1. 'आप हमेशा ऐसा ही करते हो'

गुस्से में कई बार हम गलती के लिए किसी को जिम्मेदार ठहराने लगते हैं. ऐसे में 'आप हमेशा ऐसा ही करते हो' जैसी बातें किसी एक समस्या को सुलझाने की जगह पूरे व्यक्ति के व्यवहार पर सवाल खड़ा कर देती हैं. हो सकता है सामने वाले की किसी बात से आपको आज दुख पहुंचा हो, लेकिन उस समय उसकी पुरानी सारी गलतियों को गिनाना स्थिति को और खराब कर सकता है. ऐसे में बेहतर है कि आप केवल मौजूदा स्थिति पर बात करें. 

यह भी पढ़ें: 5 ऐसी बातें जो हर कपल्स को अपने माता-पिता नहीं बतानी चाहिए, रिश्ते में आ सकती है दरार

2. 'काश आप मेरी लाइफ का हिस्सा ही न होते'

कई बार गुस्से या दुख में लोग कह देते हैं, 'काश आप मेरी लाइफ का हिस्सा ही न होते' या 'मुझे आपसे कोई रिश्ता नहीं रखना.'. लेकिन ऐसी बातें बहस को और सीरियस बना देती हैं. फिर लड़ाई उस गलती या मुद्दे पर नहीं रहती, बल्कि रिश्ते पर सवाल खड़े होने लगते हैं. बाद में माफी मांग लेने पर भी सामने वाले के मन में ये बात रह जाती है कि उसे अपने ही परिवार में महत्व नहीं दिया जाता. अगर आपको किसी की बात या व्यवहार से दुख पहुंचा है, तो रिश्ते पर बोलने की जगह साफ-साफ बताएं कि आपको किस बात से तकलीफ हुई है.

3. 'सब लोग तुम्हारी वजह से परेशान हैं'

ऐसी बात परिवार के किसी झगड़े में सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती है, क्योंकि इसमें आप अपनी नाराजगी के साथ-साथ बाकी लोगों को भी विवाद में घसीट लेते हैं. 'सब लोग तुम्हारी वजह से परेशान हैं' या 'घर में कोई तुम्हें पसंद नहीं करता' जैसी बातें सामने वाले को अकेला और अपमानित महसूस कराती हैं. कई बार जिन लोगों का नाम लिया जाता है, उन्हें खुद भी इस बात की जानकारी नहीं होती. इसलिए दूसरों के इमोशन्स बताने की जगह अपनी बात खुद रखें.

4. 'अब मैं तुमसे कभी बात नहीं करूंगा'

कई बार झगड़े के दौरान थोड़ी देर के लिए बातचीत रोकना सही फैसला माना जाता है. जब गुस्सा बहुत ज्यादा हो, तो कुछ समय के लिए दूरी बना लेना बहस को और बढ़ने से रोक सकता है. लेकिन गुस्से में ये कहना कि 'अब मैं तुमसे कभी बात नहीं करूंगा' या 'हमारा रिश्ता यहीं खत्म' जैसी बातें रिश्तों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. बेहतर है कि आप अपने इमोशन्स को शांत तरीके से व्यक्त करें. 

यह भी पढ़ें: Relationship Tips: महंगे गिफ्ट्स नहीं, ये 3 छोटी बातें जीत लेंगी पार्टनर का दिल, रिलेशनशिप भी होगा मजबूत

यह भी पढ़ें: Relationship Tips: रिश्ते में हर झगड़े का जिम्मेदार आपको ठहराया जाता है? जानिए स्थिति को कैसे करें हैंडल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News, Relationship Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com