विज्ञापन

क्या सीधे पत्तियों से निकालकर एलोवेरा जेल को चेहरे पर लगाना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें एलोवेरा जेल को कितने दिनों तक स्टोर कर रख सकते हैं

एलोवेरा जेल को स्किन के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है, लेकिन क्या चेहरे पर सीधे एलोवेरा जेल लगाना ठीक है? आइए जानते हैं स्किन एक्सपर्ट्स से-

क्या सीधे पत्तियों से निकालकर एलोवेरा जेल को चेहरे पर लगाना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें एलोवेरा जेल को कितने दिनों तक स्टोर कर रख सकते हैं
चेहरे पर सीधे एलोवेरा जेल लगाना चाहिए या नहीं?
(Photo Credit: Freepik)


स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाने के लिए लोग तमाम तरह के तरीके अपनाते हैं. खासकर लोग चेहरे पर नेचुरल चीजें लगाना पसंद करते हैं. इन्हीं चीजों में से एक है एलोवेरा जेल. एलोवेरा को स्किन के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. कई लोग घर पर ही एलोवेरा का पौधा लगाकर रखते हैं, इसके पत्ते तोड़ते हैं और पत्तों से निकलने वाले जेल को स्किन पर लगाना पसंद करते हैं. माना जाता है कि एलोवेरा जेल लगाने से स्किन ज्यादा ग्लोइंग नजर आती है, साथ ही एक्ने-पिंपल भी कम होने लगते हैं. लेकिन क्या वाकई ऐसा है? या पत्तियों से एलोवेरा जेल निकालकर सीधे फेस पर लगाना चाहिए? आइए जानते हैं एक्सपर्ट से- 

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

इसे लेकर फेमस डर्मेटोलॉजिस्ट प्रियंका रेड्डी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन की डॉक्टर बताती हैं,  एलोवेरा जेल को सीधे स्किन पर नहीं लगाना चाहिए. जब आप एलोवेरा की ताजी पत्ती काटते हैं, तो उसके किनारे से पीले रंग का एक तरल निकलता है. एक्सपर्ट के अनुसार, इसे एलो लेटेक्स (Aloe latex) कहा जाता है. ये आपकी स्किन पर रेडनेस, जलन और एलर्जी जैसी परेशानी कर सकता है. ऐसे में पौधे से एलोवेरा की पत्ती तोड़कर सीधे इसके जेल को स्किन पर नहीं लगाना चाहिए. 

फिर क्या है सही तरीका?

प्रियंका रेड्डी बताती हैं, पौधे से पत्ती को काटने के बाद उसे कुछ समय ऐसे ही छोड़ दें, ताकि पीला तरल पूरी तरह बाहर निकल जाए. इसके बाद पत्ती को धो लें और अंदर से साफ जेल निकाल लें. चेहरे को पहले साफ पानी या हल्के फेस वॉश से साफ करें. इसके बाद जेल की एक पतली परत चेहरे पर लगाएं.

कितनी देर लगाकर रखें?

डर्मेटोलॉजिस्ट केवल 15 से 20 मिनट के लिए चेहरे पर इस जेल को लगाकर रखने की सलाह देती हैं. इसके बाद चेहरे को पानी से धो लें. एक्सपर्ट के मुताबिक, ताजा एलोवेरा जेल त्वचा को ठंडक देने और जलन या इन्फ्लेमेशन को शांत करने में मदद कर सकता है.

एलोवेरा जेल को कितने दिनों तक स्टोर कर रख सकते हैं?

अगर आपने एक साथ ज्यादा एलोवेरा जेल निकाल लिया है, तो आप उसे एयर टाइट डिब्बे में फ्रिज के अंदर स्टोर कर रख सकते हैं. डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, ताजा निकाला हुआ जेल करीब 3 दिन तक स्टोर कर रखा जा सकता है. तीन दिन बाद जेल ऑक्सीडाइज होने लगता है. इस जेल को इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. 

इन बातों का भी रखें ध्यान 

एलोवेरा भले ही नेचुरल हो, लेकिन हर किसी की स्किन पर इसका असर एक जैसा नहीं होता है. ऐसे में अगर आप पहली बार स्किन के लिए एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करने वाले हैं, तो पहले इसे थोड़े से हिस्से पर लगाकर पैच टेस्ट जरूर कर लें. आप थोड़ा सा जेल हाथ या कान के पीछे की छोटी जगह पर लगाकर देख सकते हैं. अगर वहां रेडनेस, खुजली या जलन हो, तो चेहरे पर इसका इस्तेमाल न करें.

यह भी पढ़ें- इंटरनेट पर छाया हुआ है Collagen Face Mask, क्या सच में इसे लगाने से कोई फायदा होता है? स्किन एक्सपर्ट से जानें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Skincare, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com