ब्यूटी इंडस्ट्री में आए दिन नए-नए प्रोडक्ट्स वायरल होते रहते हैं. इसी कड़ी में इन दिनों कोलेजन फेस मास्क (Collagen Face Mask) चर्चा में बना हुआ है. कई ब्यूटी इन्फ्लुएंसर्स इस मास्क को चेहरे पर लगाते हुए नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि इसे रातभर चेहरे पर लगाकर सोने से सुबह स्किन बहुत ज्यादा ग्लो करने लगती है और चेहरे पर ग्लास स्किन जैसा इफेक्ट दिखाई देता है. नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो लोकअप में श्रेया कालरा (Shreya Kalra), अपूर्वा मखीजा (Apoorva Makhija) और आकांक्षा चौधरी (Akanksha Choudhary) को भी इस तरह का मास्क इस्तेमाल करते देखा गया था. इसके बाद लोगों के बीच इसे लेकर और ज्यादा चर्चा होने लगी. लेकिन क्या यह मास्क वाकई इतना असरदार है? क्या इसे लगाने से स्किन में कोलेजन बढ़ता है? आइए जानते हैं-
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
इसे लेकर हार्वर्ड-ट्रेंड डर्मेटोलॉजिस्ट नीरा नाथन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन की डॉक्टर बताती हैं, इंटरनेट पर वायरल होने वाले अधिकतर स्किनकेयर प्रोडक्ट्स असल में उतने असरदार नहीं होते हैं, जितना उन्हें लेकर दावा किया जाता है. लेकिन Collagen Mask आपकी स्किन के लिए फायदेमंद हो सकता है.
डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, कोलेजन एक अच्छा ह्यूमेक्टेंट है. आसान भाषा में समझें तो यह स्किन में नमी बनाए रखने में मदद करता है. जब त्वचा में नमी रहती है तो चेहरा ज्यादा मुलायम, फ्रेश और ग्लोइंग दिखाई देता है. इस मास्क को लगाने से स्किन खुद ज्यादा कोलेजन बनाना शुरू नहीं करती है लेकिन ये स्किन को हाइड्रेट करने, उसे प्लंप दिखाने और पोर्स को कम दिखाने में मदद करता है. यानी मास्क लगाने के बाद चेहरा कुछ समय के लिए ज्यादा स्मूद और ग्लोइंग दिख सकता है.
हफ्ते में कितनी बार लगाएं?इस सवाल को लेकर स्किन एक्सपर्ट कहती हैं, आप हफ्ते में एक बार इस मास्क को अपने चेहरे पर लगा सकते हैं. इससे अलग किसी खास मौके पर या किसी इवेंट पर जाने से पहले कोलेजन फेस मास्क को इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे आपकी स्किन पर एक नेचुरल ग्लो बना रहेगा.
हालांकि, किसी भी नए प्रोडक्ट को चेहरे पर लगाने से पहले अपनी स्किन टाइप और प्रोडक्ट के इंग्रीडिएंट्स पर ध्यान जरूर दें. अगर आपको किसी इंग्रीडिएंट से एलर्जी है, तो फिर फेस मास्क का इस्तेमाल न करें. Collagen Face Mask से आपको तुरंत ग्लो और हाइड्रेशन मिल सकता है, लेकिन इसका असर बस कुछ समय के लिए ही रहता है. हमेशा ग्लोइंग दिखने वाली स्किन के लिए मॉइस्चराइजिंग, सनस्क्रीन और अपनी स्किन के हिसाब से सही स्किनकेयर रूटीन रखना बेहद जरूरी है. इससे अलग आपकी डाइट का भी स्किन पर सीधा असर पड़ता है. हेल्दी और क्लीन डाइट लेने से स्किन ज्यादा साफ और चमकदार दिखती है.
यह भी पढ़ें- चावल के पानी से मुंह धोने से क्या होता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं