प्यार एक बेहद खूबसूरत एहसास है. कोई भी रिलेशनशिप जब नई-नई होती है तो छोटी-छोटी बातें भी खास लगती हैं. पार्टनर का मैसेज देखकर चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. हर समय उनसे मिलने का इंतजार रहता है. लेकिन हर रिश्ता हमेशा एक जैसा नहीं रहता. समय के साथ अगर इसी रिश्ते में कुछ ठीक न चले, तो मन के साथ-साथ आपकी बॉडी पर भी इसका असर होने लगता है. कई बार हम खुद को समझाते रहते हैं कि सब ठीक है, लेकिन अंदर से कुछ हमें बार-बार बताता रहता है कि शायद अब कुछ भी पहले जैसा नहीं रहा है. फेमस डेटिंग और रिलेशनशिप कोच आयुषी माथुर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर कर 4 ऐसे ही साइन बताए हैं.
डेटिंग कोच कहती हैं, हमारा शरीर कई बार हमारे दिमाग से पहले समझ जाता है कि हमारे रिश्ते में कुछ ठीक नहीं चल रहा है. अगर आपको अपनी बॉडी में ये साइन नजर आएं, तो सर्तक हो जाएं.
इन 4 साइन को न करें नजरअंदाज
नंबर 1- पार्टनर से मिलने का मन नहीं करता, डर लगता हैअगर अब पार्टनर से मिलने से पहले आपको खुशी नहीं होती, बल्कि मन घबराने लगता है, डर लगने लगता है या अंदर से ऐसा महसूस होता कि अब फिर कोई परेशानी होने वाली है, तो इसपर ध्यान दें. शरीर का यह डर रिश्ते में तनाव की तरफ इशारा करता है.
नंबर 2- उनके साथ रहकर ही थकान महसूस होनाकाम का तनाव या रोज की भागदौड़ हर किसी को थका देती है. लेकिन अगर आप खासतौर पर पार्टनर के साथ समय बिताने के बाद खुद को बहुत ज्यादा थका-थका महसूस करते हैं, तो इस पर गौर करें. अगर बात करने, मिलने या साथ रहने के बाद आपका मन और शरीर दोनों खाली-खाली लगते हैं और आराम के बाद भी यह थकान दूर नहीं होती, तो समझ जाएं कि अब ये रिश्ता आपकी एनर्जी पर भी असर डाल रहा है.
नंबर 3- उनके सामने खुद को खुलकर नहीं रख पानाप्यार में इंसान को अपने मन की बात कहने में डर नहीं लगना चाहिए. लेकिन अगर आप हर बात बोलने से पहले सोचते हैं कि पार्टनर क्या कहेंगे, कैसे रिएक्ट करेंगे या कहीं नाराज न हो जाएं. या अगर आप अपनी बात, पसंद या भावनाएं छिपाने लगे हैं, तो यह रिश्ते में परेशानी का संकेत हो सकता है.
नंबर 4- उनके बिना ज्यादा खुश और हल्का महसूस करनाइन सब से अलग अगर आप खुद को अकेले रहकर ज्यादा खुद और लाइट फील करते हैं, आजाद महसूस करते हैं. आप दोस्तों के साथ ज्यादा हंसते हैं, खुलकर बात करते हैं और अगर आपके करीबी लोग भी यह बदलाव नोटिस करने लगें, तो इसे भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
रिलेशनशिप कोच कहती हैं, इन संकेतों का मतलब यह नहीं है कि रिश्ता तुरंत खत्म कर देना चाहिए. हर रिश्ते की अपनी कहानी होती है और फैसला आपका ही होना चाहिए. लेकिन अगर ये बातें लगातार महसूस हो रही हैं, तो उन्हें दबाने के बजाय खुद से सवाल करें कि इस रिश्ते में आपको खुशी, सम्मान और सुकून मिल रहा है या नहीं. कभी-कभी दिल की उलझन को समझने के लिए शरीर के इन छोटे-छोटे संकेतों पर ध्यान देना ही पहला कदम होता है.
यह भी पढ़ें- इंटरनेट पर छाया हुआ है Collagen Face Mask, क्या सच में इसे लगाने से कोई फायदा होता है? स्किन एक्सपर्ट से जानें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं